जनजातीय समुदाय को गोबर आधारित उत्पाद निर्माण का प्रशिक्षण शुरू, स्वरोजगार की दिशा में पहल

 

उत्तराखंड। आदर्श युवा समिति द्वारा संचालित ट्राइबल डेवलपमेंट फंड (TDF) परियोजना के तहत ग्राम रसूलपुर मीठीबेरी, लालढांग में जनजातीय समुदाय के लिए पांच दिवसीय गोबर आधारित उत्पाद निर्माण एवं उद्यमिता विकास प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य महिलाओं, युवाओं और किसानों को स्थानीय संसाधनों के माध्यम से स्वरोजगार से जोड़ना है।

मुख्य अतिथि डॉ. राजेश सिंह ने कहा कि स्थानीय संसाधनों का वैज्ञानिक और व्यावसायिक उपयोग जनजातीय आजीविका को सशक्त बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है। विशिष्ट अतिथि सुभाष चन्द्र और डॉ. रामकृष्णन ने केंद्र सरकार की विभिन्न उद्यमिता योजनाओं की जानकारी देते हुए प्रतिभागियों से प्रशिक्षण का अधिकतम लाभ उठाने का आह्वान किया।

 

समिति के सचिव लखबीर सिंह ने बताया कि प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों को दीपक, धूपबत्ती, हवन सामग्री, गमले, जैविक खाद सहित गोबर आधारित विभिन्न उत्पादों के निर्माण की तकनीक सिखाई जाएगी। साथ ही पैकेजिंग, ब्रांडिंग और विपणन की जानकारी भी दी जाएगी, ताकि उत्पादों को बाजार में बेहतर अवसर मिल सके।

इस अवसर पर उत्कृष्ट कार्य करने वाले सात जनजातीय किसानों एवं उद्यमियों को सम्मानित भी किया गया। कार्यक्रम में ग्राम प्रधान कमलेश द्विवेदी सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण, महिलाएं और युवा उपस्थित रहे।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *