आपदा प्रभावित क्षेत्रों का जिलाधिकारी ने किया निरीक्षण, निर्माण कार्यों में तेजी लाने के दिए निर्देश

नई टिहरी। आपदा प्रभावित क्षेत्रों में चल रहे पुनर्निर्माण एवं राहत कार्यों की जमीनी स्थिति का जायजा लेने के लिए जिलाधिकारी नितिका खण्डेलवाल ने बुधवार को तहसील धनोल्टी क्षेत्र का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने सकलाना क्षेत्र में विभिन्न निर्माणाधीन परियोजनाओं और आपदा प्रभावित स्थलों का निरीक्षण कर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने चिफल्डी में प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (पीएमजीएसवाई) के तहत निर्माणाधीन ट्रॉली पुल, भुत्सी में बान्दल नदी पर बन रहे लाल पुल तथा रगड़ गांव स्थित राजकीय इंटर कॉलेज के प्री-फैब्रिकेटेड भवन का निरीक्षण किया।

चिफल्डी में ग्रामीणों ने पुल निर्माण में तेजी लाने की मांग करते हुए बताया कि पुल के अभाव में लगभग दस गांव प्रभावित हो रहे हैं और विशेषकर बरसात एवं आपदा के समय आवागमन में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। पीएमजीएसवाई के अधिशासी अभियंता गणेश नौटियाल ने बताया कि पुल का स्पान बढ़ाया गया है तथा दिसंबर तक निर्माण कार्य पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।

जिलाधिकारी ने निर्माणदायी संस्था को कड़ी चेतावनी देते हुए 30 जून तक विस्तृत कार्ययोजना प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि निर्माण कार्य में देरी के कारण सरकार को वैकल्पिक व्यवस्थाओं पर अतिरिक्त खर्च करना पड़ रहा है। उन्होंने लोक निर्माण विभाग को निर्माण कार्य की नियमित निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।

इसके बाद जिलाधिकारी ने भुत्सी के सीतापुर में बान्दल नदी पर निर्माणाधीन लाल पुल का निरीक्षण किया। लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों ने बताया कि 27 मीटर स्पान और 1.5 मीटर चौड़ाई वाले इस पुल का लगभग 70 प्रतिशत कार्य पूरा हो चुका है। विभाग के अनुसार एक सप्ताह के भीतर पुल पर आवाजाही शुरू कर दी जाएगी, जबकि शेष सिविल कार्य अगले 15 दिनों में पूर्ण कर लिया जाएगा।

निरीक्षण के दौरान ग्रामीणों ने नदी कटाव से कृषि भूमि को हुए नुकसान की जानकारी देते हुए सुरक्षा दीवार निर्माण की मांग उठाई। ग्राम तोलिया काटल की प्रधान कविता देवी ने वर्ष 2025 की आपदा में क्षतिग्रस्त पेयजल लाइन की शीघ्र मरम्मत की मांग की, जिस पर जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।

रगड़ गांव स्थित राजकीय इंटर कॉलेज के निरीक्षण के दौरान ग्राम प्रधान मधु देवी ने विद्यालय में नई कक्षाओं के निर्माण के लिए जिला प्रशासन का आभार व्यक्त किया। उन्होंने बताया कि पूर्व आपदा में विद्यालय की चार कक्षाएं क्षतिग्रस्त हो गई थीं, जिसके बाद समयबद्ध तरीके से नए भवन का निर्माण कराया गया।

ग्रामीणों के अनुसार विद्यालय में वर्तमान में 169 छात्र-छात्राएं अध्ययनरत हैं और पुल निर्माण पूरा होने के बाद छात्र संख्या में और वृद्धि होने की संभावना है। उन्होंने भवन निर्माण की गुणवत्ता की सराहना करते हुए बताया कि खनिज न्यास मद से 50 लाख रुपये की लागत से छह कक्षों और एक कंप्यूटर लैब का निर्माण किया गया है।

इस दौरान ग्रामीणों ने पेयजल, सड़क और आपदा सुरक्षा से जुड़ी विभिन्न समस्याओं को भी जिलाधिकारी के समक्ष रखा। सौंदाना गांव के विस्थापित परिवारों के लिए संपर्क मार्ग निर्माण, बरसात के दौरान वैकल्पिक मार्ग की व्यवस्था तथा वर्ष 2022 और 2025 की आपदाओं में क्षतिग्रस्त पुलों के पुनर्निर्माण की मांग की गई।

जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों को आवश्यक प्रस्ताव तैयार कर कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही तहसीलदार को आपदा प्रभावित परिवारों को लंबित किराया सहायता उपलब्ध कराने तथा खतरे की जद में रह रहे परिवारों की सूची तैयार कर प्रस्ताव प्रस्तुत करने के निर्देश भी दिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *