देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बुधवार को हरिद्वार बाईपास रोड स्थित एक निजी होटल में आयोजित अमर उजाला संवाद कार्यक्रम में प्रतिभाग किया। इस अवसर पर उन्होंने वरिष्ठ अभिनेता राकेश बेदी को अमर उजाला लाइफटाइम अचीवमेंट अवार्ड से सम्मानित किया तथा अमर उजाला उत्तराखंड एचीवर्स विशेषांक का विमोचन किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में उत्तराखंड विकास और विरासत दोनों को साथ लेकर आगे बढ़ रहा है। राज्य सरकार ने ग्रॉस एनवायरमेंट प्रोडक्ट (जीईपी) के आकलन की व्यवस्था शुरू की है और इकोलॉजी, इकोनॉमी तथा टेक्नोलॉजी के संतुलन के साथ विकास कार्यों को गति दी जा रही है।
चारधाम यात्रा पर मुख्यमंत्री ने कहा कि यह आस्था और श्रद्धा का प्रतीक है। केदारनाथ और बदरीनाथ धाम में व्यापक पुनर्निर्माण कार्य किए जा रहे हैं तथा ऑल वेदर रोड परियोजना से यात्रा पहले से अधिक सुगम हुई है। उन्होंने बताया कि इस वर्ष 19 अप्रैल से शुरू हुई चारधाम यात्रा में अब तक 40 लाख से अधिक श्रद्धालु दर्शन कर चुके हैं। वहीं आदि कैलाश यात्रा में भी श्रद्धालुओं की संख्या लगातार बढ़ रही है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार देवभूमि की मूल पहचान और सांस्कृतिक विरासत को संरक्षित रखने के लिए प्रतिबद्ध है। अवैध अतिक्रमण के विरुद्ध कार्रवाई राजस्व अभिलेखों के आधार पर की जा रही है और यह अभियान आगे भी जारी रहेगा।
उन्होंने कहा कि समान नागरिक संहिता (यूसीसी) राज्य सरकार द्वारा जनता से किए गए वादे को पूरा करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। इसके साथ ही पिछले चार वर्षों में 33 हजार से अधिक युवाओं को पारदर्शी प्रक्रिया के तहत सरकारी नौकरियां प्रदान की गई हैं। नकल विरोधी कानून लागू होने से युवाओं का विश्वास भी मजबूत हुआ है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री स्वरोजगार योजना, होमस्टे योजना सहित विभिन्न योजनाओं के माध्यम से युवाओं को रोजगार और स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध कराए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का उत्तराखंड से विशेष लगाव है और उनके मार्गदर्शन में राज्य निरंतर विकास के नए आयाम स्थापित कर रहा है।
