नई टिहरी। राजकीय महाविद्यालय लंबगांव में आयोजित एक कार्यक्रम में प्रतापनगर विधायक बिक्रम सिंह नेगी ने क्षेत्र के विभिन्न गांवों की महिला मंगल दलों को सांस्कृतिक उपकरण, सार्वजनिक उपयोग के बर्तन तथा कुर्सियां वितरित कीं। उन्होंने कहा कि यह सामग्री गांवों में आयोजित सामाजिक, धार्मिक और सांस्कृतिक गतिविधियों के संचालन में उपयोगी सिद्ध होगी।
कार्यक्रम के दौरान पट्टी भदूरा के भरपूरिया गांव, बौंसाड़ी, क्यारी, उपली रमोली के कंडियालगांव, सिलोडा, हेरवालगांव, घंडियालगांव तथा पट्टी धारमंडल के कफलोग और चौंदाणा की महिला मंगल दलों को उनकी मांग एवं प्रस्तावों के आधार पर हारमोनियम, ढोलक, तबला, खड़ताल, पोर्टेबल साउंड सिस्टम सहित विभिन्न सांस्कृतिक उपकरण उपलब्ध कराए गए। इसके अतिरिक्त एल्यूमिनियम एवं स्टेनलेस स्टील के बर्तन, प्रेशर कुकर, कढ़ाई, करछी, छन्नी तथा कुर्सियों का भी वितरण किया गया।
इस अवसर पर विधायक बिक्रम सिंह नेगी ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में सांस्कृतिक परंपराओं को जीवित रखने, सामाजिक आयोजनों के सफल संचालन तथा सामुदायिक गतिविधियों को सशक्त बनाने में महिला मंगल दलों की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। महिलाएं गांवों की सांस्कृतिक धरोहर को संरक्षित रखने के साथ-साथ सामाजिक समरसता और जनभागीदारी को भी मजबूत करती हैं।
उन्होंने कहा कि महिला मंगल दलों को उपलब्ध कराई गई यह सामग्री धार्मिक, सामाजिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों के बेहतर संचालन में सहायक होगी। साथ ही शादी-विवाह, धार्मिक अनुष्ठानों एवं अन्य सामुदायिक आयोजनों में ग्रामीणों को भी इसका लाभ मिलेगा। उन्होंने कहा कि महिला समूहों से प्राप्त प्रस्तावों के आधार पर सामग्री वितरित की गई है और भविष्य में भी महिलाओं के हितों एवं क्षेत्र के विकास को प्राथमिकता दी जाएगी।
कार्यक्रम में युवा कल्याण विभाग के बिजेंद्र डिमरी, नत्थी सिंह रावत, प्रधान विजय सिंह रावत, मनोज राणा, उर्मिला देवी, कनकपाल सिंह, कुंवर सिंह रावत, महेंद्र सिंह रावत, हेमलाल सिंह, राजेश रावत, सुंदरलाल, फगण लाल, धर्मलाल, कैरा लाल सहित विभिन्न जनप्रतिनिधि एवं ग्रामीण मौजूद रहे। महिला मंगल दलों की अध्यक्ष पवित्रा देवी, गंगा देवी, बबीता देवी, दिला देवी एवं सुनीता देवी सहित बड़ी संख्या में महिलाएं कार्यक्रम में उपस्थित थीं।
इस कार्यक्रम में प्रतापनगर विधायक बिक्रम सिंह नेगी ने महिला सशक्तिकरण और ग्रामीण सांस्कृतिक संरक्षण को बढ़ावा देने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की।
