संजय कॉलोनी में विशेष कल्याणकारी शिविर आयोजित, 95 लोगों की स्वास्थ्य जांच, 300 से अधिक लाभार्थियों को योजनाओं की जानकारी

 

देहरादून। जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान के निर्देशों के क्रम में पटेल नगर स्थित वाल्मीकि मंदिर परिसर में समाज कल्याण विभाग द्वारा विशेष कल्याणकारी शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का उद्देश्य सफाई कर्मचारियों एवं उनके आश्रितों को केंद्र एवं राज्य सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराना था।

 

शिविर में विभिन्न विभागों द्वारा स्टॉल लगाए गए, जहां आमजन की समस्याओं का मौके पर निस्तारण किया गया तथा पात्र लाभार्थियों को योजनाओं का लाभ प्रदान किया गया।

 

95 लोगों की स्वास्थ्य जांच, निःशुल्क दवाएं वितरित

 

स्वास्थ्य विभाग की टीम ने शिविर में पहुंचे 95 लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण किया। जांच के उपरांत मरीजों को आवश्यकतानुसार निःशुल्क दवाएं भी उपलब्ध कराई गईं।

 

पेंशन और ऋण योजनाओं की दी जानकारी

 

समाज कल्याण विभाग द्वारा संचालित विभिन्न पेंशन एवं ऋण योजनाओं के तहत 300 से अधिक लाभार्थियों को योजनाओं की जानकारी दी गई। साथ ही पात्र व्यक्तियों के आवेदन पत्र मौके पर ही भरवाए गए।

 

महिलाओं और बालिकाओं को वितरित की गईं किट

 

महिला एवं बाल विकास विभाग की ओर से महिलाओं एवं बालिकाओं के सशक्तिकरण और पोषण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से 2 महालक्ष्मी किट, 5 किशोरी किट तथा 2 गोद भराई किट वितरित की गईं।

 

45 बुजुर्गों को मिले 130 सहायक उपकरण

 

शिविर के दौरान भारतीय कृत्रिम अंग निर्माण निगम (ALIMCO) के सहयोग से 45 वरिष्ठ नागरिकों को कुल 130 सहायक उपकरण प्रदान किए गए। मुख्य अतिथि सविता कपूर ने लाभार्थियों को उपकरण वितरित किए।

 

इस अवसर पर सविता कपूर ने कहा कि समाज कल्याण विभाग द्वारा आयोजित यह शिविर अत्यंत सराहनीय पहल है। इसके माध्यम से समाज के अंतिम छोर पर बैठे पात्र लाभार्थियों एवं वंचित वर्ग तक शासन की योजनाओं का सीधा लाभ पहुंच रहा है। उन्होंने ऐसे जनहितकारी कार्यक्रमों को निरंतर जारी रखने की आवश्यकता पर बल दिया।

 

शिविर में सहायक प्रबंधक दिगंबर सजवाण, क्षेत्रीय पार्षद डोली रानी मोहन, विशाल बिरला सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *