शिकायतों के हॉटस्पॉट चिन्हित कर तय होगी अफसरों की जवाबदेही, डीएम ने दिए जीआईएस विश्लेषण के निर्देश

 

देहरादून। जन शिकायतों के त्वरित एवं स्थायी समाधान को लेकर जिला प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। सोमवार को आयोजित ‘समाधान दिवस’ में जिलाधिकारी Dr. Ashish Chauhan ने निर्देश दिए कि जिन क्षेत्रों से लगातार अधिक शिकायतें प्राप्त हो रही हैं, उनका जीआईएस आधारित विश्लेषण कर संबंधित अधिकारियों की जवाबदेही तय की जाएगी।

 

जिलाधिकारी ने National Informatics Centre को पिछले 10 समाधान दिवसों के आंकड़ों का विभागवार विश्लेषण कर जीआईएस मैप तैयार करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शिकायत-बहुल क्षेत्रों (हॉटस्पॉट्स) की पहचान कर संबंधित अधिकारियों के विरुद्ध आवश्यक कार्रवाई की जाएगी, ताकि समस्याओं का स्थायी समाधान सुनिश्चित हो सके।

समाधान दिवस में जिलाधिकारी ने 146 फरियादियों की शिकायतें सुनीं और संबंधित विभागों को समयबद्ध निस्तारण के निर्देश दिए। इस दौरान भूमि पर अवैध कब्जा, अतिक्रमण, सीमांकन, बैंक ऋण, विद्युत, पेयजल, विधिक सहायता एवं आर्थिक सहायता से जुड़ी शिकायतें प्रमुख रूप से सामने आईं।

 

जिलाधिकारी ने सभी उप जिलाधिकारियों और निर्माणदायी विभागों के अधीक्षण अभियंताओं को निर्देशित किया कि यदि वे किसी कारणवश समाधान दिवस में व्यक्तिगत रूप से उपस्थित नहीं हो सकते हैं तो वर्चुअल माध्यम से अनिवार्य रूप से जुड़ें, जिससे शिकायतों का मौके पर ही समाधान सुनिश्चित किया जा सके। उन्होंने विशेष रूप से चकराता और कालसी जैसे दूरस्थ क्षेत्रों से प्राप्त शिकायतों के प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण के निर्देश दिए।

बैंकों से संबंधित शिकायतों की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने लीड बैंक प्रबंधक को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने सवाल उठाया कि ऋण स्वीकृत करते समय पर्याप्त सिविल जांच क्यों नहीं की जाती, जिसके कारण बाद में लोगों को ऋण चुकाने में कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है।

 

महिलाओं से जुड़ी शिकायतों पर संज्ञान लेते हुए जिलाधिकारी ने जिला कार्यक्रम अधिकारी को निर्देशित किया कि जिले में संचालित One Stop Centre के माध्यम से पीड़ित महिलाओं को त्वरित सहायता उपलब्ध कराई जाए और केंद्र की जानकारी अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाई जाए। वहीं बढ़ते विवाद और मारपीट की घटनाओं पर पुलिस विभाग को सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

 

समाधान दिवस में कई महत्वपूर्ण मामलों पर तत्काल कार्रवाई के निर्देश जारी किए गए। विकासखंड चकराता के ग्राम नाड़ा में सड़क निर्माण के बाद सुरक्षा दीवार एवं पेंटिंग कार्य न होने से सेब बागानों को हो रहे खतरे के मामले में संबंधित अधिशासी अभियंता को सात दिनों के भीतर कार्रवाई करने को कहा गया। ऋषिकेश के Triveni Ghat स्थित ऐतिहासिक खुर्जा वाली धर्मशाला की भूमि पर अवैध कब्जे और अनधिकृत निर्माण की शिकायत पर एसडीएम एवं नगर निगम को त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए गए।

 

इसके अलावा PM SHRI Kendriya Vidyalaya Salawala के बाहर अतिक्रमण, तंबाकू उत्पादों की बिक्री एवं अवैध गतिविधियों की शिकायत पर पुलिस और नगर निगम अधिकारियों को सात दिन के भीतर कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। सहसपुर क्षेत्र में भूमाफियाओं द्वारा मारपीट एवं एफआईआर के बावजूद कार्रवाई न होने की शिकायत पर पुलिस और राजस्व विभाग को तत्काल जांच के आदेश दिए गए।

ग्राम छरबा में तालाबों, बंजर भूमि और सरकारी कुओं पर अतिक्रमण की शिकायत पर तहसीलदार विकासनगर को जांच कर अतिक्रमण हटाने के निर्देश दिए गए, जबकि मोहिनी रोड पर बिना अनुमति सड़क खुदाई और सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुंचाने के मामले में एसडीएम सदर को जांच कर कठोर कार्रवाई करने को कहा गया।

 

समाधान दिवस में डोईवाला निवासी सुदामी देवी ने पारिवारिक संपत्ति विवाद तथा अंबेडकर मार्ग निवासी राजेंद्र कुमार ने बिजली बिल माफी से संबंधित शिकायत दर्ज कराई, जिन पर संबंधित विभागों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *