आबकारी विभाग की बड़ी कार्रवाई, चोपड़ा बाजार से भारी मात्रा में अवैध अंग्रेजी शराब बरामद

रुद्रप्रयाग। जनपद में अवैध मदिरा के कारोबार पर प्रभावी अंकुश लगाने के उद्देश्य से आबकारी विभाग द्वारा चलाए जा रहे विशेष प्रवर्तन अभियान के तहत चोपड़ा बाजार क्षेत्र में बड़ी कार्रवाई करते हुए भारी मात्रा में अवैध अंग्रेजी शराब बरामद की गई। विभागीय टीम ने दो व्यक्तियों के प्रतिष्ठानों से कुल 14 बोतल, 23 अध्दे तथा 146 पव्वे मैकडॉवेल व्हिस्की जब्त कर संबंधित व्यक्तियों के विरुद्ध आबकारी अधिनियम के तहत विधिक कार्रवाई प्रारंभ कर दी है।

चारधाम यात्रा के दृष्टिगत विशाल मिश्रा के निर्देशों के अनुपालन में आनंद चौहान के नेतृत्व में संयुक्त टीम द्वारा चोपड़ा बाजार क्षेत्र में सघन जांच अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान संदिग्ध प्रतिष्ठानों की नियमानुसार तलाशी ली गई, जिसमें अवैध रूप से संग्रहित अंग्रेजी शराब बरामद हुई।

आबकारी विभाग की इस कार्रवाई से क्षेत्र में अवैध शराब कारोबारियों में हड़कंप मच गया है। विभागीय अधिकारियों ने बताया कि जनपद में अवैध मदिरा की बिक्री, भंडारण एवं तस्करी पर प्रभावी रोक लगाने के लिए लगातार प्रवर्तन अभियान संचालित किए जा रहे हैं तथा नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जा रही है।

आबकारी निरीक्षक आनंद चौहान ने कहा कि अवैध शराब के कारोबार में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध भविष्य में भी इसी प्रकार की कठोर कार्रवाई जारी रहेगी। उन्होंने आमजन से भी अपील की कि अवैध मदिरा की बिक्री अथवा भंडारण से संबंधित किसी भी प्रकार की सूचना विभाग को उपलब्ध कराएं, ताकि ऐसे तत्वों पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित किया जा सके।

आबकारी विभाग ने स्पष्ट किया कि जनपद में कानून व्यवस्था बनाए रखने तथा सुरक्षित एवं व्यवस्थित चारधाम यात्रा सुनिश्चित करने के लिए प्रवर्तन कार्रवाई आगे भी निरंतर जारी रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *