29 जून को देहरादून में लगेगा रोजगार मेला, 85 पदों पर होगी भर्ती

देहरादून। जनपद के बेरोजगार युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से क्षेत्रीय सेवायोजन कार्यालय, देहरादून द्वारा 29 जून 2026 को प्रातः 10 बजे रोजगार मेले का आयोजन किया जाएगा। रोजगार मेले में विभिन्न प्रतिष्ठित कंपनियां प्रतिभाग करेंगी और कुल 85 रिक्त पदों पर भर्ती की जाएगी।

क्षेत्रीय सेवायोजन अधिकारी ने जानकारी देते हुए बताया कि रोजगार मेले में भाग लेने के इच्छुक अभ्यर्थियों के लिए पंजीकरण प्रक्रिया 16 जून 2026 से प्रारंभ कर दी गई है। ऐसे अभ्यर्थी जिनका सेवायोजन कार्यालय में पंजीकरण नहीं है, वे निर्धारित तिथि तक अपना पंजीकरण कराकर रोजगार मेले में प्रतिभाग कर सकते हैं।

रोजगार मेले में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों को अपने समस्त शैक्षिक प्रमाण-पत्रों की मूल प्रतियां, बायोडाटा, सेवायोजन पंजीयन कार्ड तथा पहचान पत्र (आईडी प्रूफ) साथ लाना अनिवार्य होगा।

अधिकारी ने बताया कि भर्ती प्रक्रिया के तहत फार्मा, बायो-मेडिसिन, लैबोरेट्री, इलेक्ट्रिकल, मैकेनिकल, सेल्स एवं टेक्निकल क्षेत्रों में रोजगार के अवसर उपलब्ध रहेंगे। मेले में पुरुष एवं महिला दोनों अभ्यर्थी प्रतिभाग कर सकते हैं।

चयनित अभ्यर्थियों को उनकी शैक्षिक योग्यता एवं अनुभव के आधार पर ₹12,300 से ₹30,000 प्रतिमाह तक का वेतनमान प्रदान किया जाएगा।

क्षेत्रीय सेवायोजन अधिकारी ने जनपद के अधिक से अधिक बेरोजगार युवाओं से रोजगार मेले का लाभ उठाने की अपील करते हुए कहा कि यह रोजगार प्राप्त करने का एक अच्छा अवसर है। उन्होंने बताया कि रोजगार मेले से संबंधित अधिक जानकारी के लिए इच्छुक अभ्यर्थी क्षेत्रीय सेवायोजन कार्यालय, देहरादून से संपर्क कर सकते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *