उत्तरकाशी। 12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के उपलक्ष्य में मंगलवार को उत्तरकाशी में ‘रन फॉर योग’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में 75 से अधिक प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर योग और स्वस्थ जीवनशैली के प्रति अपनी प्रतिबद्धता प्रदर्शित की।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि जिला अर्थ एवं सांख्यिकी अधिकारी अतुल आनंद ने हरी झंडी दिखाकर किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि योग को जन-जन तक पहुंचाने तथा स्वस्थ जीवनशैली को बढ़ावा देने के उद्देश्य से इस प्रकार के आयोजन महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
प्रतियोगिता के पुरुष वर्ग में नितिन कलूड़ा ने प्रथम, कन्हैया नेगी ने द्वितीय तथा नितिन रमोला ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। वहीं महिला वर्ग में शीतल रावत प्रथम, कल्पना पंवार द्वितीय और आरूषी नेगी तृतीय स्थान पर रहीं।
विजेताओं को मुख्य उद्यान अधिकारी डॉ. रजनीश सिंह एवं जिला आयुर्वेदिक एवं यूनानी अधिकारी डॉ. रतन मणि भट्ट ने पुरस्कार प्रदान किए।
कार्यक्रम के दौरान प्रतिभागियों के लिए जलपान की भी व्यवस्था की गई। इस अवसर पर अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. वीरेंद्र सिंह पांगती, जिला होम्योपैथिक अधिकारी डॉ. मीरा हयांकी सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के सफल संचालन में जिला क्रीड़ा अधिकारी सुश्री निधि बिंजोला तथा जिला क्रीड़ा कार्यालय के समस्त कर्मचारियों का विशेष योगदान रहा।
