रुद्रप्रयाग पुलिस ने लापता युवक को परिजनों से मिलाया

रुद्रप्रयाग। रुद्रप्रयाग पुलिस की सतर्कता, संवेदनशीलता और मानवीय दृष्टिकोण के चलते कर्नाटक से उत्तराखण्ड तीर्थ यात्रा पर आए एक लापता एवं अस्वस्थ युवक को सकुशल खोजकर उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया। सोमवार को पुलिस चौकी जवाड़ी में आवश्यक कानूनी औपचारिकताएं पूर्ण करने के बाद युवक को उसके भाई और जीजा के हवाले किया गया।
जानकारी के अनुसार, चौकी जवाड़ी क्षेत्र में ड्यूटी के दौरान पुलिस कर्मियों को एक व्यक्ति परेशान एवं असहाय अवस्था में मिला। पूछताछ में उसने अपना नाम शिवकुमार (38 वर्ष) निवासी जिला रायचूर, कर्नाटक बताया। युवक ने बताया कि वह पारिवारिक कारणों से घर छोड़कर उत्तराखण्ड की तीर्थ यात्रा पर आया था।
मामले की गंभीरता को देखते हुए रुद्रप्रयाग पुलिस ने तत्काल उसके द्वारा बताए गए पते के आधार पर कर्नाटक पुलिस से संपर्क स्थापित किया। जांच में पता चला कि शिवकुमार के संबंध में कर्नाटक के रायचूर जिले के मार्केट यार्ड पुलिस स्टेशन में गुमशुदगी दर्ज थी। वह गत 7 जून को केदारनाथ, बदरीनाथ और हरिद्वार की यात्रा के लिए घर से निकले थे, जिसके बाद उनका अपनी पत्नी ज्योति सहित परिजनों से संपर्क टूट गया था तथा उनका मोबाइल फोन भी बंद आ रहा था।
रुद्रप्रयाग पुलिस ने युवक को अपनी सुरक्षा में लेते हुए उसका आवश्यक चिकित्सीय उपचार कराया तथा उसके रहने, भोजन और दवाइयों की समुचित व्यवस्था की। परिजनों को सूचना देने के बाद कर्नाटक से उत्तराखण्ड पहुंचने में लगभग तीन दिन का समय लगा। इस दौरान पुलिस ने युवक की पूरी जिम्मेदारी निभाते हुए उसकी देखभाल की।
सोमवार को युवक के जीजा शरणगौड़ा और भाई पुलिस चौकी जवाड़ी पहुंचे, जहां सभी कानूनी प्रक्रियाएं पूरी करने के बाद शिवकुमार को सकुशल उनके सुपुर्द कर दिया गया।
अपने परिजन को सुरक्षित पाकर परिवार की खुशी का ठिकाना नहीं रहा। युवक के परिजनों, जो स्वयं भी पुलिस सेवा से जुड़े रहे हैं, ने रुद्रप्रयाग पुलिस की तत्परता, मानवीय संवेदनशीलता और उत्कृष्ट कार्यशैली की सराहना करते हुए उत्तराखण्ड पुलिस का हृदय से आभार व्यक्त किया।
रुद्रप्रयाग पुलिस का यह सराहनीय कार्य एक बार फिर यह साबित करता है कि पुलिस केवल कानून व्यवस्था तक सीमित नहीं है, बल्कि जरूरतमंदों की सहायता और मानवता की सेवा में भी सदैव अग्रणी भूमिका निभाती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *