डबल इंजन सरकार उत्तराखंड में विकास की नई गाथा लिख रही है : सौरभ बहुगुणा

उत्तरकाशी। प्रदेश के कैबिनेट मंत्री एवं जनपद प्रभारी मंत्री सौरभ बहुगुणा ने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार के समन्वित प्रयासों से उत्तराखंड में अभूतपूर्व विकास कार्य हो रहे हैं, जिनका लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंच रहा है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में डबल इंजन सरकार राज्य में विकास की नई गाथा लिख रही है।

शुक्रवार को भाजपा जिला कार्यालय उत्तरकाशी में केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर आयोजित प्रेस वार्ता में सौरभ बहुगुणा ने केंद्र और राज्य सरकार की उपलब्धियों का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि चारधाम ऑल वेदर रोड, ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल परियोजना, केदारनाथ-हेमकुंड रोपवे और धार्मिक स्थलों के पुनर्विकास जैसी परियोजनाएं उत्तराखंड के विकास को नई दिशा दे रही हैं।

उन्होंने बताया कि केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में प्रदेशभर में ‘विकास उत्सव’ अभियान चलाया जा रहा है। इसके तहत 12 से 14 जून तक जिला मुख्यालयों में विकास प्रदर्शनियों और ब्लॉक स्तर पर जनकल्याण शिविरों का आयोजन किया जाएगा। इन शिविरों में विभिन्न सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों से संवाद स्थापित किया जाएगा।

स्वास्थ्य क्षेत्र की उपलब्धियों का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि किच्छा एम्स सैटेलाइट सेंटर का निर्माण कार्य तेजी से चल रहा है, जबकि ऋषिकेश एम्स में देश की पहली हेली एम्बुलेंस सेवा शुरू की जा चुकी है। उन्होंने कहा कि नीति आयोग के एसडीजी इंडेक्स में उत्तराखंड का प्रथम स्थान प्राप्त करना राज्य की प्रगति का प्रमाण है।

सौरभ बहुगुणा ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भारत ने आधारभूत संरचना, डिजिटल इंडिया, राष्ट्रीय सुरक्षा, महिला सशक्तिकरण, स्वच्छ भारत अभियान और आत्मनिर्भर भारत जैसे क्षेत्रों में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल की हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि विकास की यह यात्रा आगे भी निरंतर जारी रहेगी।

इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष नागेंद्र चौहान सहित पार्टी के कई जनप्रतिनिधि और पदाधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *