उत्तराखण्ड में विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान शुरू, मुख्यमंत्री को सौंपा गया गणना फॉर्म

देहरादून। उत्तराखण्ड में मतदाता सूची के शुद्धिकरण के उद्देश्य से चलाए जा रहे विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) कार्यक्रम के तहत सचिवालय में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. बी.वी.आर.सी. पुरुषोत्तम ने गणना फॉर्म सौंपा।

इस अवसर पर मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने मुख्यमंत्री को अभियान की जानकारी देते हुए बताया कि भारत निर्वाचन आयोग द्वारा मतदाता सूची को अधिक सटीक, अद्यतन एवं त्रुटिरहित बनाने के लिए विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान संचालित किया जा रहा है।

उन्होंने बताया कि अभियान के तहत प्रदेश के सभी मतदाताओं को गणना फॉर्म उपलब्ध कराए जाएंगे। आगामी 7 जुलाई तक चलने वाले इस एक माह के विशेष अभियान के दौरान बूथ स्तर अधिकारी (बीएलओ) घर-घर जाकर मतदाताओं से गणना फॉर्म प्राप्त करेंगे।

मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि प्राप्त गणना फॉर्मों को बीएलओ ऐप के माध्यम से डिजिटाइज किया जाएगा, जिससे मतदाता सूची के अद्यतन एवं शुद्धिकरण की प्रक्रिया को अधिक प्रभावी और पारदर्शी बनाया जा सकेगा।

उन्होंने प्रदेश के सभी मतदाताओं से इस अभियान में सक्रिय सहयोग करने और समय पर गणना फॉर्म भरकर उपलब्ध कराने की अपील की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *