देहरादून में मतदाता सूची पुनरीक्षण अभियान तेज, 15 सितंबर को प्रकाशित होगी अंतिम वोटर लिस्ट

 

 

देहरादून। जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) कार्यक्रम को लेकर सभी निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों (ERO) एवं सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों के साथ महत्वपूर्ण बैठक की। उन्होंने पुनरीक्षण कार्यों को निर्धारित समय सीमा के भीतर त्रुटिरहित एवं पारदर्शी तरीके से पूरा करने के निर्देश दिए।

 

जिलाधिकारी ने कहा कि मतदाता सूची का विशेष पुनरीक्षण लोकतांत्रिक प्रक्रिया का अत्यंत महत्वपूर्ण कार्य है। उन्होंने निर्देश दिए कि सभी पात्र मतदाताओं के नाम सूची में शामिल किए जाएं, जबकि मृत, स्थानांतरित एवं अनुपस्थित मतदाताओं के नाम सावधानीपूर्वक हटाए जाएं ताकि कोई भी पात्र मतदाता अपने मताधिकार से वंचित न रहे।

 

उन्होंने अधिकारियों को निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों का गहन अध्ययन करने तथा बूथ लेवल अधिकारियों (BLO) एवं सुपरवाइजरों को विस्तृत प्रशिक्षण देने के निर्देश भी दिए। साथ ही संबंधित क्षेत्रों में पटवारियों के माध्यम से सत्यापन कराने को कहा गया।

 

डॉ. चौहान ने राजनीतिक दलों द्वारा प्रत्येक बूथ पर बीएलए-2 नियुक्त करने पर भी जोर देते हुए कहा कि इससे पुनरीक्षण कार्य अधिक पारदर्शी एवं त्रुटिरहित ढंग से संपन्न हो सकेगा। उन्होंने सभी ईआरओ को मतदान केंद्रों का भौतिक सत्यापन करने के निर्देश भी दिए।

 

उप जिला निर्वाचन अधिकारी अभिनव शाह ने बताया कि निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार 7 जून तक गणना प्रपत्रों की प्रिंटिंग एवं कार्मिकों का प्रशिक्षण कार्य पूरा कर लिया जाएगा। इसके बाद 8 जून से 7 जुलाई 2026 तक बीएलओ घर-घर जाकर गणना प्रपत्रों का वितरण एवं संकलन करेंगे।

उन्होंने बताया कि 14 जुलाई को मतदाता सूची का प्रथम ड्राफ्ट प्रकाशित किया जाएगा। इसके बाद 14 जुलाई से 13 अगस्त तक दावे एवं आपत्तियां प्राप्त की जाएंगी तथा 11 सितंबर तक उनका निस्तारण किया जाएगा। अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन 15 सितंबर को किया जाएगा।

 

जनपद देहरादून की 10 विधानसभा क्षेत्रों में कुल 13 लाख 80 हजार 800 मतदाता पंजीकृत हैं। प्री-एसआईआर अभियान के अंतर्गत 16 मई तक 11 लाख 1 हजार 437 मतदाताओं यानी 80.38 प्रतिशत की मैपिंग पूरी हो चुकी है। वहीं 47 हजार 923 मतदाता अनुपस्थित, 1 लाख 45 हजार 797 स्थानांतरित एवं 33 हजार 8 मृत मतदाता चिन्हित किए गए हैं।

 

जनपद में कुल 1882 मतदेय स्थल हैं, जिनमें भाजपा द्वारा 1836, कांग्रेस द्वारा 1443 तथा सीपीआई द्वारा 378 बीएलए-2 नियुक्त किए गए हैं।

 

बैठक में उप जिला निर्वाचन अधिकारी अभिनव शाह सहित सभी ईआरओ, एईआरओ एवं पुनरीक्षण कार्यों से जुड़े नोडल अधिकारी उपस्थित रहे।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *