गजा घण्टाकर्ण महोत्सव-2026 में मुख्यमंत्री धामी की बड़ी घोषणाएं, रोपवे से लेकर इको पार्क तक विकास योजनाओं की सौगात

 

 

टिहरी गढ़वाल। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बुधवार को अटल उत्कृष्ट राजकीय इंटर कॉलेज गजा, टिहरी गढ़वाल पहुंचकर “गजा घण्टाकर्ण महोत्सव-2026” (द्वितीय संस्करण) का दीप प्रज्ज्वलित कर विधिवत शुभारम्भ किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने क्षेत्र के समग्र विकास हेतु अनेक महत्वपूर्ण घोषणाएं करते हुए गजा एवं आसपास के क्षेत्रों को विकास योजनाओं की बड़ी सौगात दी।

 

मुख्यमंत्री ने घंटाकर्ण महादेव मंदिर तक रोपवे निर्माण की घोषणा करते हुए कहा कि इससे धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा तथा श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधा प्राप्त होगी। इसके साथ ही नगर पंचायत गजा क्षेत्र में विभिन्न आंतरिक मार्गों के निर्माण, गजा मैदान के विस्तारीकरण एवं मंच निर्माण की घोषणा भी की गई। उन्होंने शहीद विक्रम सिंह नेगी राजकीय पॉलिटेक्निक गजा में फार्मेसी विषय की स्वीकृति देने की घोषणा की।

पर्यटन विकास को गति देने के उद्देश्य से मुख्यमंत्री ने कोटेश्वर झील के विकास तथा डांडाचली में इको पार्क निर्माण की घोषणा की। वहीं पावकी देवी एवं चमराड़ा देवी (भरपूर) मंदिरों के सौंदर्यीकरण कार्य भी कराए जाएंगे। दंदेली, अंदरफीगांव, फलसारी, बिमाण गांव मोटर मार्ग तथा रणाकोट डांडा जमोला मोटर मार्ग को भी स्वीकृति देने की घोषणा की गई।

 

स्वास्थ्य सुविधाओं को मजबूत करने के लिए मुख्यमंत्री ने चाका महिला अस्पताल को PHC में परिवर्तित कर उच्चीकृत करने तथा चाका में सामुदायिक भवन के सुदृढ़ीकरण की घोषणा की। शिक्षा के क्षेत्र में राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय सिंगटाली एवं पजै गांव को इंटर स्तर तक उच्चीकृत करने तथा नरेंद्रनगर महाविद्यालय को PG स्तर तक अपग्रेड किए जाने की घोषणा भी की गई।

मुख्यमंत्री ने गजा तहसील में लोक निर्माण विभाग, विद्युत विभाग, जल संस्थान एवं जल निगम के तहसील स्तरीय कार्यालयों की स्वीकृति देने की भी घोषणा की। साथ ही हेंवल नदी में झील निर्माण तथा गजा बगीद के 33 KV सब स्टेशन की स्वीकृति प्रदान करते हुए कहा कि इन योजनाओं से क्षेत्र के विकास को नई गति मिलेगी।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कार्यक्रम में उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि गजा महोत्सव उत्तराखंड की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, लोक परंपराओं एवं धार्मिक आस्थाओं को संरक्षित करने का महत्वपूर्ण माध्यम बन रहा है। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन नई पीढ़ी को अपनी संस्कृति और जड़ों से जोड़ने का कार्य करते हैं।

 

मुख्यमंत्री ने स्कूली बच्चों द्वारा प्रस्तुत सांस्कृतिक कार्यक्रमों की सराहना करते हुए कहा कि उत्तराखंड की पारंपरिक वेशभूषा, लोक कला, आभूषण एवं खान-पान की अपनी विशिष्ट पहचान है, जिसका संरक्षण करना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।

 

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार धार्मिक पर्यटन, क्षेत्रीय कनेक्टिविटी, स्वास्थ्य, शिक्षा और आधारभूत सुविधाओं को मजबूत करने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। साथ ही महिलाओं की सुरक्षा, स्वरोजगार और युवा रोजगार को सरकार की प्राथमिकता बताया।

कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल, भाजपा जिलाध्यक्ष उदय रावत, ब्लॉक प्रमुख सुमन सजवाण, दीक्षा राणा, जिलाधिकारी नितिका खंडेलवाल, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्वेता चौबे सहित अनेक जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में क्षेत्रीय जनता उपस्थित रही।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *