किसान बेनी सिंह बने क्षेत्र के लिए प्रेरणा, आधुनिक खेती से बढ़ाई आय

 

देहरादून।   सहसपुर विकासखंड के कैचीवाला निवासी प्रगतिशील कृषक बेनी सिंह आधुनिक कृषि तकनीकों को अपनाकर क्षेत्र के किसानों के लिए मिसाल बन गए हैं। लगभग 40 बीघा भूमि पर खेती करने वाले बेनी सिंह ने कृषि विभाग की योजनाओं का लाभ उठाकर खेती को आधुनिक बनाया और अतिरिक्त आय अर्जित कर आत्मनिर्भरता की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बढ़ाया है।

 

कृषि विभाग उत्तराखंड की “सबमिशन ऑन एग्रीकल्चर मैकेनाइजेशन (SMAM) योजना” के तहत उन्हें रीपर कम बाइन्डर मशीन पर 2.57 लाख रुपये का अनुदान मिला। वहीं वर्ष 2025-26 में राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा मिशन योजना के अंतर्गत डीबीडब्ल्यू-187 एवं डीबीडब्ल्यू-327 किस्म का 2 कुंतल उन्नत गेहूँ बीज उपलब्ध कराया गया।

 

बेनी सिंह ने वैज्ञानिक विधि से उन्नत बीजों की बुवाई कर बेहतर उत्पादन प्राप्त किया। फसल कटाई में रीपर कम बाइन्डर मशीन के उपयोग से समय और लागत दोनों में भारी कमी आई। पहले जहां कटाई में 6 से 7 दिन और लगभग 1300 रुपये प्रति बीघा खर्च होता था, वहीं अब यह कार्य मात्र एक दिन में पूरा हो रहा है।

 

उन्होंने अपनी मशीन से अन्य किसानों की लगभग 120 बीघा फसल की कटाई भी की, जिससे उन्हें 1 लाख 8 हजार रुपये की अतिरिक्त आय प्राप्त हुई।

 

आज बेनी सिंह यंत्रीकृत खेती अपनाकर आर्थिक रूप से मजबूत बन रहे हैं और क्षेत्र के अन्य किसानों को भी आधुनिक कृषि अपनाने के लिए प्रेरित कर रहे हैं।

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *