जवान से लेफ्टिनेंट बनने तक का संघर्ष: सौड़ी-गिंवाला के बेटे ने जिद, जुनून और मेहनत से जीता सितारों वाला सपना,

रुद्रप्रयाग।

उत्तराखंड के रुद्रप्रयाग जनपद के अगस्तमुनि ब्लॉक स्थित सौड़ी-गिंवाला गांव के निवासी लेफ्टिनेंट अनूप बिष्ट ने अपनी मेहनत, संघर्ष और अटूट संकल्प से यह साबित कर दिया कि सच्ची लगन और ईमानदार प्रयास किसी भी सपने को हकीकत में बदल सकते हैं। एक जवान के रूप में भारतीय सेना में भर्ती होकर 22 वर्षों की सेवा के बाद लेफ्टिनेंट बनना उनकी असाधारण उपलब्धि है, जो आज उत्तराखंड के हजारों युवाओं के लिए प्रेरणा बन चुकी है।

सैन्य परिवेश से जुड़े परिवार में जन्मे अनूप बिष्ट का बचपन सेना की छावनियों और अनुशासित वातावरण में बीता। बचपन से ही उनके मन में वर्दी के प्रति सम्मान और देशसेवा का जज्बा था। मैट्रिक की पढ़ाई पूरी करने के बाद उन्होंने 17 वर्ष की आयु से पहले ही भारतीय सेना में एक जवान के रूप में भर्ती होकर अपने सपनों की शुरुआत की।

सेना की कठिन जिम्मेदारियों के बीच भी उन्होंने खुद को लगातार बेहतर बनाने का प्रयास जारी रखा। ड्यूटी के साथ-साथ उन्होंने ग्रेजुएशन और फिजिकल एजुकेशन में डिप्लोमा भी पूरा किया। उनका मानना था कि एक सैनिक केवल सीमाओं की रक्षा ही नहीं करता, बल्कि हर दिन खुद को भी मजबूत बनाता है।

उनकी जिंदगी का अहम मोड़ तब आया, जब उन्हें प्रतिष्ठित भारतीय सैन्य अकादमी में प्रशिक्षक के रूप में सेवा देने का अवसर मिला। वहां भविष्य के सैन्य अधिकारियों को तैयार होते देख उनके भीतर अधिकारी बनने का सपना फिर से जाग उठा। इसके बाद उन्होंने एससीओ और पीसीएसएल एंट्री की तैयारी शुरू की।

हालांकि सफलता का रास्ता आसान नहीं था। लगातार तीन प्रयासों में उन्हें एसएसबी प्रक्रिया में ‘कॉन्फ्रेंस आउट’ का सामना करना पड़ा। इन असफलताओं ने उन्हें निराश जरूर किया, लेकिन उनका हौसला नहीं तोड़ सकीं। इजरायल में पोस्टिंग के दौरान वरिष्ठ अधिकारियों और साथियों से बातचीत के बाद उन्हें यह समझ आया कि एसएसबी केवल जवाबों की परीक्षा नहीं, बल्कि व्यक्ति के वास्तविक चरित्र, जिम्मेदारी और ईमानदारी को परखने की प्रक्रिया है।

अपने चौथे प्रयास में उन्होंने किसी बनावटी छवि के बजाय खुद को पूरी सच्चाई और सहजता के साथ प्रस्तुत किया। उन्होंने अपने माता-पिता की जिम्मेदारियों, जवानों और छात्रों को मार्गदर्शन देने तथा एक जिम्मेदार पिता के रूप में अपने अनुभव साझा किए। जब उनसे विदेश पोस्टिंग और अच्छी आय को लेकर सवाल पूछा गया, तो उन्होंने स्पष्ट कहा कि उनका सपना पैसा नहीं, बल्कि वर्दी में सम्मान प्राप्त कर अपने माता-पिता और गांव का नाम रोशन करना है।

उनकी यही सच्चाई और समर्पण आखिरकार सफलता का कारण बने और दिसंबर 2025 में उन्हें भारतीय सेना में फिजिकल ट्रेनिंग ऑफिसर के रूप में कमीशन प्राप्त हुआ।

आज लेफ्टिनेंट अनूप बिष्ट की यह यात्रा युवाओं को यह संदेश देती है कि सफलता केवल प्रतिभा से नहीं, बल्कि धैर्य, अनुशासन, निरंतर मेहनत और खुद के प्रति ईमानदारी से हासिल होती है।

भविष्य के अभ्यर्थियों के लिए उनका संदेश भी बेहद प्रेरणादायक है। वे कहते हैं कि “ऑफिसर लाइक क्वालिटीज़ को दिखाने की कोशिश मत कीजिए, बल्कि उन्हें अपने व्यवहार, जिम्मेदारियों और जीवनशैली का हिस्सा बनाइए। जब ये गुण स्वाभाविक रूप से आपके व्यक्तित्व में उतर जाते हैं, तो एसएसबी में वे खुद दिखाई देते हैं।

एक जवान से लेफ्टिनेंट बनने तक की यह कहानी केवल व्यक्तिगत उपलब्धि नहीं, बल्कि संघर्ष, आत्मविश्वास और राष्ट्रसेवा के प्रति समर्पण की ऐसी मिसाल है, जो आने वाली पीढ़ियों को लगातार प्रेरित करती रहेगी।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *