गोपेश्वर। जनपद के विकासखंड कार्यालय दसोली के राजकीय प्राथमिक विद्यालय डुगरी में पिछले 9 महीनों से शिक्षकों की भारी कमी के चलते शिक्षा व्यवस्था पूरी तरह पटरी से उतर गई है। वर्तमान में विद्यालय केवल एक शिक्षक के भरोसे चल रहा है, जिससे बच्चों का भविष्य अधर में लटका हुआ है।
ग्राम प्रधान रवि झिकवाण कहना है कि उन्होंने अपनी मांग को लेकर खंड शिक्षा अधिकारी और जिला शिक्षा अधिकारी से लेकर जिलाधिकारी चमोली तक कई बार गुहार लगाई और दर्जनों ज्ञापन सौंपे। बावजूद इसके, शिक्षा विभाग की नींद नहीं टूटी। 9 महीने बीत जाने के बाद भी स्कूल में शिक्षकों की तैनाती नहीं की गई, जिससे ग्रामीणों में गहरा रोष है।
शुक्रवार को ग्राम प्रधान के नेतृत्व में आयोजित अभिभावकों की बैठक में सर्वसम्मति से एक कड़ा निर्णय लिया गया। अभिभावकों ने स्पष्ट कहा जब तक विद्यालय में पर्याप्त शिक्षकों की व्यवस्था नहीं होती, तब तक कोई भी अभिभावक अपने बच्चे को स्कूल नहीं भेजेगा ओर शिक्षा के मौलिक अधिकार का हनन होने पर अब ग्रामीण चुप नहीं बैठेंगे,बच्चों की पढ़ाई के नुकसान की पूरी जिम्मेदारी विभाग की होगी।
इस संबंध में खंड शिक्षा अधिकारी दसोली को लिखित रूप में सूचित कर दिया गया है। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही शिक्षकों की व्यवस्था नहीं की गई, तो वे आंदोलन को और उग्र करेंगे। अब देखना यह है कि शिक्षा विभाग इस गंभीर स्थिति पर क्या कदम उठाता है या फिर डुगरी के नौनिहाल इसी तरह शिक्षा से वंचित रहेंगे। इस अवसर पर आशीष झिकवाण, चप्पा देवी,संतोषी देवी,आरती देवी,अनिता देवी,आदि लोग शामिल थे।
