गोपेस्वर्। नगर सभागार में ब्लॉक एवं नगर कांग्रेस कमेटी के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित विशाल सांगठनिक बैठक के माध्यम से कांग्रेस ने अपनी चुनावी तैयारियों का शंखनाद किया। बैठक में उत्तराखंड कांग्रेस के शीर्ष नेतृत्व ने शिरकत कर कार्यकर्ताओं में नया जोश भरा और आगामी 2027 विधानसभा चुनाव के लिए जीत का रोडमैप साझा किया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी की राष्ट्रीय महासचिव एवं प्रदेश प्रभारी कुमारी शैलजा, प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल, नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य, सह-प्रभारी मनोज यादव, और सुरेंद्र शर्मा का कार्यकर्ताओं ने पारंपरिक वाद्य यंत्रों ढोल-दमाऊ और पुष्पमालाओं के साथ जोरदार स्वागत किया।
बैठक को संबोधित करते हुए प्रदेश प्रभारी कुमारी शैलजा ने कहा कि संगठन की असली शक्ति ‘बूथ’ पर टिकी है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे जनता के बीच जाकर जनविरोधी नीतियों का पर्दाफाश करें। वहीं, गणेश गोदियाल और यशपाल आर्य ने संयुक्त रूप से कहा 2027 का चुनाव केवल सत्ता परिवर्तन का माध्यम नहीं, बल्कि उत्तराखंड के स्वाभिमान और पहचान को बचाने की निर्णायक जंग है।
बद्रीनाथ विधायक लखपत बुटोला ने सीमांत क्षेत्र की विशिष्ट समस्याओं और विकास कार्यों की वर्तमान स्थिति को प्रमुखता से उठाते हुए कार्यकर्ताओं को जमीनी स्तर पर सक्रिय रहने को कहा।
बैठक के समापन पर सभी पदाधिकारियों ने एकजुट होकर कांग्रेस की विचारधारा को घर-घर पहुँचाने की शपथ ली। शीर्ष नेतृत्व ने कार्यकर्ताओं के अभूतपूर्व उत्साह को देखते हुए विश्वास जताया कि आगामी चुनाव में कांग्रेस ऐतिहासिक बहुमत के साथ सत्ता में वापसी करेगी।
