रुद्रप्रयाग। चम्पावत प्रकरण को लेकर भारतीय जनता पार्टी महिला मोर्चा ने जिला मुख्यालय रुद्रप्रयाग में कांग्रेस के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन करते हुए पुतला दहन किया। प्रदर्शन में बड़ी संख्या में महिला कार्यकर्ताओं ने भाग लिया और कांग्रेस पर प्रदेश की जनता को भ्रमित करने तथा तथ्यों को तोड़-मरोड़ कर पेश करने का आरोप लगाया। इस दौरान भाजपा जिलाध्यक्ष भारत भूषण भट्ट, विधायक आशा नौटियाल एवं महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष सुमन जमलोकी मुख्य रूप से मौजूद रहे।
प्रदर्शन के दौरान विधायक आशा नौटियाल ने कांग्रेस पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि कांग्रेस बिना किसी जांच और ठोस तथ्यों के भाजपा कार्यकर्ताओं तथा पार्टी की छवि धूमिल करने का प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस जनहित के मुद्दों पर सकारात्मक राजनीति करने के बजाय षड्यंत्र और भ्रामक प्रचार का सहारा ले रही है, जो अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण है।

इसके बाद आयोजित प्रेस वार्ता में विधायक आशा नौटियाल ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी हमेशा लोकतांत्रिक मूल्यों, संवैधानिक व्यवस्थाओं और जनता की भावनाओं का सम्मान करती आई है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस के कुछ नेता तथ्यों को तोड़-मरोड़ कर प्रदेश की जनता को गुमराह करने का प्रयास कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस के पास अब जनता के बीच जाने के लिए कोई सकारात्मक मुद्दा नहीं बचा है, इसलिए वह केवल आरोप-प्रत्यारोप की राजनीति कर रही है। वहीं भाजपा सरकार मुख्यमंत्री के नेतृत्व में प्रदेश के सर्वांगीण विकास, सुशासन और जनकल्याण के लिए निरंतर कार्य कर रही है।
आशा नौटियाल ने कहा कि भाजपा कार्यकर्ता गांव-गांव और घर-घर जाकर जनता के सामने सच्चाई रखेंगे तथा कांग्रेस के भ्रामक प्रचार का लोकतांत्रिक तरीके से जवाब देंगे।
इस अवसर पर जिला महामंत्री अरुण चमोली, महिला मोर्चा जिला महामंत्री सुषमा देवी, जिला उपाध्यक्ष रोशनी रोथान, जिला मंत्री बबीता नेगी, मंजू धीरवान, कंचन देवी, पार्वती गोस्वामी, शालिनी गोस्वामी, अनीता चौधरी सहित बड़ी संख्या में महिला कार्यकर्ता मौजूद रहीं।
