कड़ाके की ठंड और बारिश के बीच श्रद्धालुओं को राहत, केदारनाथ धाम में जगह-जगह अलाव की व्यवस्था,

रूद्रप्रयाग। विश्व प्रसिद्ध केदारनाथ धाम में इन दिनों हो रही हल्की बारिश और हाड़ कंपा देने वाली ठंड के बीच श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए प्रशासन ने सराहनीय पहल की है। नगर पंचायत केदारनाथ द्वारा तीर्थयात्रियों को ठंड से राहत दिलाने के लिए धाम के प्रमुख स्थलों और विभिन्न पड़ावों पर अलाव (बोनफायर) की विशेष व्यवस्था की गई है।
कठिन मौसम परिस्थितियों के बावजूद बड़ी संख्या में पहुंच रहे श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद नजर आ रहा है। वहीं, सुरक्षा व्यवस्था में तैनात पुलिस बल भी मानवता की मिसाल पेश कर रहा है। ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मी लगातार बारिश के बीच ठंड से जूझ रहे श्रद्धालुओं की पहचान कर उन्हें निकटतम अलाव स्थलों तक पहुंचा रहे हैं, जिससे उन्हें तुरंत राहत मिल सके।
प्रशासन और पुलिस का संयुक्त प्रयास है कि प्रतिकूल मौसम के बावजूद श्रद्धालुओं की आस्था पर कोई असर न पड़े और उनकी यात्रा सुरक्षित, सुगम और यादगार बनी रहे। इस मानवीय पहल ने एक बार फिर यह साबित कर दिया है कि केदारनाथ धाम में श्रद्धालुओं की सेवा ही सर्वोपरि है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *