केदारनाथ यात्रा में सराहनीय कार्य: रुद्रप्रयाग पुलिस ने लौटाए श्रद्धालुओं के खोए बैग

रुद्रप्रयाग। केदारनाथ धाम यात्रा के दौरान रुद्रप्रयाग पुलिस ने एक बार फिर अपनी सतर्कता और सेवा भावना का परिचय दिया। महाराष्ट्र और ओडिशा से आए दो श्रद्धालुओं के बैग आपस में बदल जाने से हड़कंप मच गया। दोनों बैग में कीमती सामान और महत्वपूर्ण दस्तावेज मौजूद थे, जिससे श्रद्धालु काफी परेशान हो गए।

काफी तलाश के बाद भी जब बैग नहीं मिले, तो श्रद्धालुओं ने पुलिस से सहायता मांगी। मामले की गंभीरता को देखते हुए ड्यूटी पर तैनात पुलिस टीम ने तुरंत कार्रवाई शुरू की। अपर उपनिरीक्षक रोशन सिंह रावत, आरक्षी जगदीश और महिला आरक्षी रुचि ने तत्परता दिखाते हुए खोजबीन की और कड़ी मेहनत के बाद दोनों बैग सुरक्षित बरामद कर लिए।

मंगलवार सुबह दोनों श्रद्धालुओं की उपस्थिति में बैग की पहचान कर उन्हें सौंप दिया गया। अपना सामान वापस पाकर श्रद्धालुओं ने रुद्रप्रयाग पुलिस का आभार व्यक्त किया और उनके कार्य की सराहना की।

पुलिस ने सभी यात्रियों से अपील की है कि यात्रा के दौरान अपने सामान का विशेष ध्यान रखें। किसी भी असुविधा की स्थिति में तुरंत नजदीकी खोया-पाया केंद्र, पुलिस चौकी या आपातकालीन नंबर 112 पर संपर्क करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *