श्रीनगर। राजकीय बालिका इंटर कॉलेज श्रीनगर में सोमवार को आयोजित कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने अधीनस्थ सेवा चयन आयोग के माध्यम से चयनित 43 कनिष्ठ सहायकों को नियुक्ति पत्र वितरित किए। इस अवसर पर उन्होंने नव नियुक्त कर्मचारियों को शुभकामनाएं देते हुए पूर्ण निष्ठा और ईमानदारी के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने की प्रेरणा दी।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए शिक्षा मंत्री डॉ. रावत ने कहा कि प्रदेश के महाविद्यालयों में होने वाले छात्रसंघ चुनावों में 50 प्रतिशत आरक्षण लागू किया जाएगा। उन्होंने बताया कि शिक्षा विभाग में अब तक 16 हजार से अधिक लोगों को रोजगार दिया जा चुका है और जल्द ही 500 प्राथमिक शिक्षकों तथा एलटी संवर्ग की भर्तियां भी निकाली जाएंगी।
उन्होंने पेयजल व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने के लिए 72 करोड़ रुपये की योजना लाने की बात कही, जिससे भविष्य में 24 घंटे पानी की आपूर्ति सुनिश्चित की जा सकेगी। साथ ही उन्होंने बताया कि उनके कार्यकाल में 90 प्रतिशत से अधिक परीक्षा परिणाम प्राप्त हो रहे हैं और इस वर्ष 30 प्रतिशत छात्र प्रथम श्रेणी में उत्तीर्ण हुए हैं।
शिक्षा मंत्री ने जानकारी दी कि 1000 छात्रों को उत्तराखंड भ्रमण पर भेजा जाएगा तथा तीन नए पॉलिटेक्निक संस्थान खोले जाएंगे। गर्मी को देखते हुए एक मई से विद्यालयों का समय सुबह साढ़े सात बजे से दोपहर डेढ़ बजे तक रहेगा। इसके अलावा सप्ताह में एक दिन ‘बैगलेस डे’ रखा जाएगा, जिसमें छात्रों की खेल एवं अन्य प्रतिभाओं को प्रोत्साहित किया जाएगा।
कार्यक्रम में निदेशक कंचन देवराड़ी, प्रधानाचार्य मीना गैरोला, मंडल अध्यक्ष विनय घिल्डियाल, जिला महामंत्री गणेश भट्ट सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
