गौचर। नगर व्यापार मंडल के पदाधिकारियों ने क्षेत्र की विभिन्न समस्याओं, विशेषकर यातायात व्यवस्था को लेकर पुलिस प्रशासन से ठोस कार्रवाई की मांग की है। इस संबंध में व्यापार मंडल ने गौचर रिपोर्टिंग चौकी में कर्णप्रयाग कोतवाली के निरीक्षक विनोद थपलियाल को नौ सूत्रीय ज्ञापन सौंपा।
ज्ञापन में कहा गया है कि गौचर बाजार में बढ़ते यातायात दबाव के कारण आए दिन जाम की स्थिति बन रही है, जिससे आम लोगों और व्यापारियों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। व्यापार मंडल ने सुझाव दिया कि बाजार से ऑफिसर क्षेत्र तक सड़क किनारे खड़े चौपहिया वाहनों को हटाकर निर्धारित मैदान में पार्क कराया जाए। साथ ही दुपहिया वाहनों के लिए भी अलग से पार्किंग स्थल चिन्हित किए जाएं।
व्यापारियों ने मुख्य बाजार के संवेदनशील स्थानों—शिव मंदिर, मेला गेट, वाइन शॉप और ग्रेफ चौक—पर पुलिसकर्मियों की नियमित तैनाती की मांग की, ताकि यातायात व्यवस्था सुचारू बनी रहे।
इसके अलावा, ज्ञापन में यह भी कहा गया कि बाजार में आने वाले यात्री वाहनों को पर्याप्त समय तक रुकने दिया जाए, जिससे यात्री अपनी जरूरत का सामान खरीद सकें और स्थानीय व्यापार को भी बढ़ावा मिल सके।
इस दौरान कोतवाल कर्णप्रयाग विनोद थपलियाल, चौकी प्रभारी मानवेंद्र गुसाईं, नगर व्यापार मंडल अध्यक्ष राकेश लिंगवाल सहित कई व्यापारी मौजूद रहे।
