गोपेश्वर। आगामी चारधाम यात्रा को सुरक्षित और सुव्यवस्थित बनाने के लिए चमोली पुलिस ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में आज पुलिस अधीक्षक चमोली, सुरजीत सिंह पँवार द्वारा फायर स्टेशन गोपेश्वर का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया। एसपी ने स्पष्ट किया कि यात्रा के दौरान किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए रिस्पॉन्स टाइम कम से कम होना चाहिए।
निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक ने फायर स्टेशन परिसर, बैरक, भोजनालय और एमटी गैराज की साफ-सफाई देखी। उन्होंने वाचरूम में स्थापित संचार उपकरणों की कार्यप्रणाली को बारीकी से परखा।
विशेष रूप से, एसपी ने फायर कर्मियों से मौके पर ही अग्निशमन एवं आपदा उपकरणों का संचालन करवाया। उन्होंने निर्देश दिए कि सभी वाहन और आपदा प्रबंधन संसाधन हर समय ‘रेडी टू मूव’ मोड में रहें।
चारधाम यात्रियों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए एसपी पँवार ने प्रभारी फायर स्टेशन को जनपद के सभी होटलों, होमस्टे और धर्मशालाओं का अनिवार्य फायर सेफ्टी ऑडिट करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सुरक्षा मानकों का उल्लंघन करने वालों पर नियमानुसार कार्रवाई की जाए ताकि यात्रियों के ठहरने के स्थानों पर अग्नि सुरक्षा सुनिश्चित हो सके।
आगामी फायर सीजन को देखते हुए एसपी ने वनाग्नि की घटनाओं पर नियंत्रण के लिए संबंधित विभागों के साथ बेहतर समन्वय स्थापित करने पर जोर दिया। उन्होंने कहा चमोली की विषम भौगोलिक परिस्थितियों में आपदा और अग्नि घटनाओं की संवेदनशीलता बनी रहती है। चारधाम यात्रा के दौरान फायर सर्विस की भूमिका महत्वपूर्ण है। सभी अधिकारी और कर्मचारी शारीरिक व मानसिक रूप से तैयार रहें ताकि श्रद्धालुओं को एक सुरक्षित वातावरण मिल सके।
