कीर्तिनगर में आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं का प्रदर्शन, मानदेय बढ़ाने की मांग तेज

टिहरी। कीर्तिनगर ब्लॉक में आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, सहायिकाओं एवं मिनी कर्मचारियों ने मानदेय बढ़ाने की मांग को लेकर बुधवार को कीर्तिनगर रामलीला मैदान में भारी बारिश के बीच धरना-प्रदर्शन किया।

प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने सरकार के खिलाफ आक्रोश व्यक्त करते हुए चेतावनी दी कि यदि जल्द ही आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं का मानदेय नहीं बढ़ाया गया, तो आंगनबाड़ी केंद्रों में तालाबंदी कर दी जाएगी और बीएलओ कार्यों का बहिष्कार किया जाएगा।

मौके पर संगठन की ब्लॉक अध्यक्ष नीलम नेगी ने बताया कि उत्तराखंड आंगनबाड़ी कार्यकर्त्री, सेविका, मिनी कर्मचारी संगठन द्वारा 14 मार्च को विभिन्न मांगों को लेकर प्रदेश स्तरीय रैली आयोजित की गई थी, जिसमें मुख्यमंत्री को ज्ञापन सौंपा जाना था। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रशासन द्वारा कार्यकर्ताओं के साथ अभद्र व्यवहार किया गया, जिससे उनमें भारी रोष व्याप्त है।

उन्होंने कहा कि यदि सरकार और प्रशासन की ओर से मानदेय नहीं बढ़ाया जाता है, तो कार्यकर्ता अपने-अपने केंद्रों पर केवल उपस्थिति दर्ज कराएंगी, लेकिन पोषण ट्रैकर सहित अन्य कोई कार्य नहीं करेंगी।

प्रदर्शन में संगठन की कोषाध्यक्ष अर्चना बड़ोनी, सचिव अंजली देवी, अनुश्का, सुरती देवी, कुसुम, परमेश्वरी, सरोजनी, पुष्पा देवी सहित कई कार्यकर्ता मौजूद रहीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *