प्रधानमंत्री का दौरा ‘विकसित उत्तराखंड’ के लक्ष्य को देगा नई गति: सतपाल महाराज

दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे और अन्य परियोजनाओं से पर्यटन, व्यापार और रोजगार को मिलेगा बढ़ावा

देहरादून: उत्तराखंड के पर्यटन, धर्मस्व, संस्कृति, लोक निर्माण, सिंचाई एवं ग्रामीण निर्माण मंत्री सतपाल महाराज ने कहा है कि नरेंद्र मोदी के 14 अप्रैल को प्रस्तावित उत्तराखंड दौरे से राज्य को कई प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष लाभ मिलेंगे।

उन्होंने कहा कि दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे के लोकार्पण से जहां एक ओर दिल्ली और देहरादून के बीच यात्रा सुगम होगी, वहीं अब यात्री मात्र ढाई घंटे में अपने गंतव्य तक पहुंच सकेंगे। इससे राज्य में पर्यटन, व्यापार, शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं में क्रांतिकारी बदलाव आएगा।

सतपाल महाराज ने कहा कि प्रधानमंत्री का यह दौरा उत्तराखंड के बुनियादी ढांचे को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित होगा और राज्य को “विकास मॉडल” के रूप में स्थापित करेगा। उन्होंने बताया कि टिहरी पंप स्टोरेज प्लांट से ऊर्जा सुरक्षा, पंतनगर एयरपोर्ट विस्तार से हवाई कनेक्टिविटी और बनबसा लैंड पोर्ट से नेपाल-भारत व्यापार को मजबूती मिलेगी।

उन्होंने यह भी कहा कि इन सभी परियोजनाओं से “विकसित उत्तराखंड 2035” के लक्ष्य को धरातल पर उतारने में मदद मिलेगी। साथ ही दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे के शुरू होने से चारधाम यात्रा, मसूरी और ऋषिकेश आने वाले पर्यटकों की संख्या में भी उल्लेखनीय वृद्धि होगी।

कैबिनेट मंत्री ने कहा कि एक्सप्रेसवे, एयरपोर्ट और पर्यटन क्षेत्र के विकास से होटल, ट्रांसपोर्ट और स्थानीय व्यापार में नए अवसर पैदा होंगे। बेहतर सड़क और हवाई संपर्क से आईटी, वेलनेस टूरिज्म, फिल्म शूटिंग और MSME सेक्टर में निवेश बढ़ेगा।

उन्होंने कहा कि जब हर जिले तक पर्यटक और उद्योग पहुंचेंगे, तो पलायन रुकेगा और स्थानीय युवाओं को अपने ही क्षेत्र में रोजगार मिलेगा।

अंत में उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री का यह दौरा केवल एक दिन का कार्यक्रम नहीं है, बल्कि “विकसित उत्तराखंड के दशक” की शुरुआत है, जो 2026 से 2036 तक राज्य की अर्थव्यवस्था, पर्यटन और जीवन स्तर को नई ऊंचाइयों पर ले जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *