ऊखीमठ: ऊखीमठ विकासखंड के समस्त विद्यालयों में नए शैक्षिक सत्र के शुभारंभ के अवसर पर प्रवेश उत्सव हर्षोल्लास और उत्साह के साथ मनाया गया। इस दौरान विद्यालय परिसरों में रंगारंग कार्यक्रम, स्वागत गीत और प्रेरणादायक गतिविधियों का आयोजन किया गया, जिससे बच्चों में शिक्षा के प्रति उत्साह देखने को मिला।
राजकीय इंटर कॉलेज ऊखीमठ में प्रवेश उत्सव का शुभारंभ उप शिक्षा अधिकारी तनुजा देवराड़ी ने किया। इस अवसर पर उन्होंने नवप्रवेशी छात्र-छात्राओं का तिलक लगाकर और पुष्पमालाओं से स्वागत किया। अपने संबोधन में उन्होंने बच्चों को नियमित अध्ययन, अनुशासन और नैतिक मूल्यों को अपनाने के लिए प्रेरित किया तथा उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
वहीं, जूनियर हाईस्कूल/प्राथमिक विद्यालय पाली फाफंज में डायट रतूड़ा प्रवक्ता डॉ. विनोद यादव और डॉ. विजय कुमार चौहान ने संयुक्त रूप से कार्यक्रम का शुभारंभ किया। उन्होंने बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के महत्व से अवगत कराते हुए विद्यालय में उपलब्ध सुविधाओं और शैक्षिक गतिविधियों की जानकारी दी।
पूरे विकासखंड के प्राथमिक, उच्च प्राथमिक और माध्यमिक विद्यालयों में प्रवेश उत्सव को लेकर विशेष उत्साह देखने को मिला। शिक्षकों और अभिभावकों की सक्रिय भागीदारी के बीच नवप्रवेशी बच्चों का पारंपरिक एवं नवाचारी तरीकों से स्वागत किया गया। विद्यालयों को आकर्षक रूप से सजाया गया तथा बच्चों को पुस्तकें, बैग और अन्य शैक्षिक सामग्री भी वितरित की गई।
इस वर्ष ऊखीमठ विकासखंड के राजकीय प्राथमिक विद्यालयों में 266, जूनियर हाईस्कूलों में 126 तथा माध्यमिक विद्यालयों में 386 सहित कुल 878 नवप्रवेशी बच्चों ने प्रवेश लिया, जो शिक्षा के प्रति बढ़ती जागरूकता का सकारात्मक संकेत है।
अभिभावकों ने भी अपने बच्चों को शिक्षा से जोड़ने में रुचि दिखाई, जिससे विद्यालयों में उत्सव जैसा माहौल बना रहा। प्रवेश उत्सव के सफल आयोजन में शिक्षकों, विद्यालय प्रबंधन समितियों और स्थानीय जनप्रतिनिधियों का महत्वपूर्ण योगदान रहा।
