चमोली: भारतीय जनता पार्टी ज्योतिर्मठ नगर मंडल द्वारा ‘पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाअभियान’ के तहत जोशीमठ में दो दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया।
कार्यक्रम के मुख्य वक्ता एवं भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष रघुबीर बिष्ट ने कार्यकर्ताओं को केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी देते हुए उन्हें मिशन मोड में कार्य करने का आह्वान किया।
अपने संबोधन में रघुबीर बिष्ट ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सरकार की योजनाएं समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंच रही हैं। उन्होंने ‘प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि’ को किसानों के सम्मान की दिशा में मील का पत्थर बताया। साथ ही ‘प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना’ के माध्यम से कोविड काल के बाद लगभग 80 करोड़ लोगों को लाभ मिलने की बात कही।
उन्होंने कौशल विकास के लिए ‘विश्वकर्मा योजना’ और महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से ‘बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ’ अभियान का भी उल्लेख किया।
राज्य के विकास पर चर्चा करते हुए उन्होंने कहा कि ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल लाइन का कार्य अंतिम चरण में है, जो भविष्य में पहाड़ की जीवन रेखा साबित होगी। वहीं चारधाम सड़क परियोजना से यात्रा सुगम हुई है, जिससे तीर्थयात्रियों की संख्या में वृद्धि और स्थानीय लोगों की आय में भी इजाफा हुआ है।
प्रशिक्षण सत्र के दौरान जिला मीडिया संयोजक मोहन नेगी ने सोशल मीडिया के प्रभावी उपयोग पर प्रकाश डाला, जबकि जिला उपाध्यक्ष राजेंद्र हटवाल ने ‘नमो ऐप’ के माध्यम से संगठन को मजबूत करने की तकनीकी जानकारी साझा की।
वक्ताओं ने एक स्वर में कहा कि कार्यकर्ता ही सरकार और जनता के बीच की महत्वपूर्ण कड़ी हैं, इसलिए प्रत्येक कार्यकर्ता का दायित्व है कि वह सरकार की योजनाओं को घर-घर तक पहुंचाए।
इस अवसर पर ऋषि कंडवाल, गजपाल बर्तवाल, कृष्णमणि थपलियाल, किशोर प्रसाद सती, अमित सती, विजया रावत, रोहिणी रावत सहित पार्टी के कई वरिष्ठ नेता और पदाधिकारी मौजूद रहे।
