देहरादून में “दून बुक फेस्टिवल-2026” का शुभारंभ, सीएम धामी ने किया उद्घाटन

देहरादून। मुख्यमंत्री धामी ने शनिवार को देहरादून में आयोजित दून बुक फेस्टिवल 2026 का विधिवत शुभारंभ किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने विभिन्न प्रकाशकों द्वारा लगाए गए स्टॉल का अवलोकन किया तथा गढ़वाली एवं कुमाऊंनी पुस्तकों का विमोचन भी किया।

शिक्षा मंत्रालय, भारत सरकार और उत्तराखंड सरकार के सहयोग से आयोजित इस 9 दिवसीय महोत्सव में देशभर से आए साहित्यकारों, कलाकारों और साहित्य प्रेमियों ने भाग लिया। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह महोत्सव साहित्य, संस्कृति और कला का अद्भुत संगम है, जो समाज में ज्ञान और विचारों के आदान-प्रदान को नई दिशा प्रदान करेगा।

उन्होंने बताया कि महोत्सव के दौरान विभिन्न सत्र, संवाद कार्यक्रम, पुस्तक परिचर्चाएं और “लेखक से मिलिए” जैसे आयोजन किए जाएंगे। बच्चों के लिए स्थापित “चिल्ड्रेन पवेलियन” को उन्होंने सराहनीय पहल बताते हुए कहा कि इससे नई पीढ़ी में पढ़ने की रुचि विकसित होगी।

मुख्यमंत्री ने उत्तराखंड की समृद्ध साहित्यिक परंपरा का उल्लेख करते हुए कहा कि देवभूमि ने अनेक महान साहित्यकारों को जन्म दिया है और यह प्रदेश सदैव ज्ञान एवं सृजन का केंद्र रहा है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार “उत्तराखंड साहित्य गौरव सम्मान” और “साहित्य भूषण” जैसे पुरस्कारों के माध्यम से साहित्यकारों को सम्मानित कर रही है, साथ ही विभिन्न भाषाओं में ग्रंथ प्रकाशन के लिए अनुदान भी प्रदान किया जा रहा है।

उन्होंने यह भी जानकारी दी कि राज्य में साहित्य ग्रामों की स्थापना की जा रही है, जिससे साहित्यकारों को सृजन के लिए अनुकूल वातावरण मिल सकेगा और उत्तराखंड को साहित्यिक पर्यटन के केंद्र के रूप में विकसित किया जा सकेगा।

मुख्यमंत्री ने पुस्तकों के महत्व पर जोर देते हुए कहा कि पुस्तकें केवल शब्दों का संग्रह नहीं, बल्कि ज्ञान का स्थायी स्रोत हैं। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे उपहार के रूप में पुस्तकों और पौधों को बढ़ावा दें, जिससे समाज में ज्ञान और पर्यावरण के प्रति जागरूकता बढ़े।

इस अवसर पर नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश की सांस्कृतिक विरासत को सशक्त करने के प्रयासों का भी उल्लेख किया गया। कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री खजान दास, मेयर सौरभ थपलियाल, आचार्य बालकृष्ण, प्रो. मिलिन्द मराठी, युवराज मलिक तथा अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

मुख्यमंत्री ने आयोजन की सराहना करते हुए विश्वास जताया कि “दून बुक फेस्टिवल-2026” प्रदेश की साहित्यिक चेतना को नई ऊर्जा प्रदान करेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *