कुंभ-2027 की तैयारियों को लेकर मुख्यमंत्री धामी ने केंद्रीय मंत्री खट्टर से की मुलाकात, कई अहम प्रस्ताव रखे

नई दिल्ली/ देहरादून । पुष्कर सिंह धामी ने शनिवार को नई दिल्ली में मनोहर लाल खट्टर से भेंट कर उत्तराखंड से जुड़े विभिन्न विकासात्मक मुद्दों पर विस्तृत चर्चा की। इस दौरान मुख्यमंत्री ने विशेष रूप से आगामी कुंभ 2027 की तैयारियों को लेकर कई महत्वपूर्ण प्रस्ताव केंद्रीय मंत्री के समक्ष रखे।

मुख्यमंत्री ने हरिद्वार में गंगा कॉरिडोर क्षेत्र से संबंधित लगभग ₹325 करोड़ की परियोजना के लिए धनराशि स्वीकृत करने का अनुरोध किया। उन्होंने बताया कि इस परियोजना के तहत विद्युत लाइनों के भूमिगतकरण एवं प्रणाली के स्वचालन का कार्य किया जाएगा। साथ ही द्वितीय चरण के अंतर्गत लगभग ₹425 करोड़ की अतिरिक्त धनराशि स्वीकृत करने का भी अनुरोध किया गया।

इसके अलावा मुख्यमंत्री ने हरिद्वार एवं ऋषिकेश में कुंभ-2027 की तैयारियों के तहत घाटों के सौंदर्यीकरण, आवासीय सुविधाओं के सुदृढ़ीकरण तथा शहरी अवसंरचना के विकास हेतु केंद्र सरकार से सहयोग मांगा। उन्होंने कहा कि इन प्रयासों से श्रद्धालुओं और पर्यटकों को बेहतर सुविधाएं मिल सकेंगी।

बैठक में क्षेत्रीय परिवहन को मजबूत करने के लिए रीजनल रैपिड ट्रांजिट सिस्टम (RRTS) को मेरठ से हरिद्वार और ऋषिकेश तक विस्तारित करने का प्रस्ताव भी रखा गया। इसके साथ ही देहरादून-हरिद्वार-ऋषिकेश मेट्रो कॉरिडोर विकसित करने की मांग की गई, जिससे क्षेत्र में यातायात सुगम हो सके और जाम की समस्या में कमी आए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि इन परियोजनाओं के क्रियान्वयन से पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा मिलेगा और पर्यटन व आर्थिक गतिविधियों को नई गति मिलेगी।

केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल खट्टर ने मुख्यमंत्री द्वारा प्रस्तुत सभी प्रस्तावों पर सकारात्मक कार्रवाई का आश्वासन दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *