रुद्रप्रयाग। आकाश यूथ क्लब श्रीनगर एवं विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने घिमतोली ग्वास क्षेत्र में व्यापक स्वच्छता अभियान चलाकर समाज को स्वच्छता का संदेश दिया। इस दौरान बच्चों और युवाओं ने क्षेत्र में फैले कूड़े-कचरे को एकत्र कर उसका उचित निस्तारण किया और आमजन को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया।
स्वच्छता अभियान के साथ ही प्रतिभागियों द्वारा एक जन-जागरूकता रैली भी निकाली गई। रैली में शामिल छात्र-छात्राएं हाथों में तख्तियां और स्वच्छता संबंधी स्लोगन लेकर चल रहे थे। “स्वच्छता अपनाएं, बीमारी भगाएं” और “स्वच्छ गांव, स्वस्थ समाज” जैसे नारों से पूरा क्षेत्र गूंज उठा।
अभियान में शामिल युवाओं ने लोगों से अपील की कि वे अपने आसपास साफ-सफाई बनाए रखें और कूड़ा इधर-उधर न फैलाएं। उन्होंने कहा कि स्वच्छता न केवल व्यक्तिगत स्वास्थ्य के लिए जरूरी है, बल्कि पर्यावरण संरक्षण के लिए भी अत्यंत महत्वपूर्ण है।
इस अवसर पर जनप्रतिनिधियों ने भी विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि इस प्रकार के कार्यक्रम बच्चों में सामाजिक जिम्मेदारी की भावना विकसित करते हैं। उन्होंने कहा कि स्वच्छता अभियान को केवल एक दिन तक सीमित न रखकर इसे दैनिक जीवन का हिस्सा बनाना आवश्यक है।
कार्यक्रम में प्रधान कविता देवी ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह के आयोजन समाज में सकारात्मक संदेश देते हैं। उन्होंने आकाश यूथ क्लब और बच्चों के प्रयासों को प्रेरणादायक बताते हुए भविष्य में भी ऐसे कार्यक्रम आयोजित करने की अपेक्षा जताई।
अभियान के दौरान पूरे क्षेत्र में साफ-सफाई कर स्वच्छ वातावरण का संदेश दिया गया। कार्यक्रम के अंत में आकाश यूथ क्लब के सचिव धीरज नेगी के मार्गदर्शन में सभी प्रतिभागियों ने स्वच्छता बनाए रखने का संकल्प लिया।
इस स्वच्छता अभियान में यूथ क्लब के सदस्य, विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राएं एवं स्थानीय ग्रामीण बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
