रुद्रप्रयाग: केदारघाटी में अवैध शराब की बिक्री और यात्रा मार्गों पर अंग्रेजी शराब की दुकानों को बंद कराने की मांग को लेकर महिलाओं का आक्रोश तेज हो गया है। सोमवार को गुप्तकाशी में महिला जनप्रतिनिधियों और महिला मंगल दलों ने जोरदार रैली निकालकर प्रशासन के खिलाफ मोर्चा खोल दिया।
प्रशासन को दी चेतावनी
महिलाओं ने स्पष्ट चेतावनी दी कि यदि जल्द ही अवैध शराब की बिक्री पर रोक नहीं लगाई गई, तो वे राजमार्ग पर चक्काजाम करने को मजबूर होंगी।
बाजार में गूंजे विरोध के स्वर
गुप्तकाशी स्थित लोनिवि गेस्ट हाउस में एकत्र होने के बाद महिलाओं ने रैली निकाली, जो मुख्य बाजार और रायवाला मार्ग से होते हुए वापस बाजार पहुंची। इस दौरान जोरदार नारेबाजी के साथ प्रशासन और पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए गए।
शराब माफिया पर लगाए आरोप
प्रदर्शनकारी महिलाओं ने आरोप लगाया कि यात्रा मार्गों पर खुली शराब की दुकानों के कारण केदारघाटी में बड़े पैमाने पर अवैध सप्लाई हो रही है। उनका कहना है कि स्थानीय शराब माफिया सक्रिय हैं, जबकि पुलिस-प्रशासन इस पर प्रभावी कार्रवाई नहीं कर रहा।
सामाजिक माहौल पर पड़ रहा असर
महिलाओं ने कहा कि गांवों में बढ़ती शराबखोरी से सामाजिक वातावरण बिगड़ रहा है और युवा पीढ़ी पर इसका नकारात्मक प्रभाव पड़ रहा है।
पूर्ण प्रतिबंध की मांग
प्रदर्शन के दौरान महिलाओं ने गांवों में शादी-विवाह और अन्य आयोजनों में शराब पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने की मांग की। उनका कहना है कि सामाजिक बुराइयों को खत्म करने के लिए यह कदम जरूरी है।
बड़ी संख्या में महिलाएं रहीं शामिल
इस विरोध प्रदर्शन में ग्राम प्रधान, महिला प्रतिनिधि और सामाजिक कार्यकर्ता बड़ी संख्या में मौजूद रहे। प्रमुख रूप से ग्राम प्रधान गौरीकुंड कुसुम देवी, उपप्रधान रामपुर बबीता देवी समेत कई महिलाएं शामिल रहीं।
