मुख्यमंत्री धामी ने रेल मंत्री से की भेंट, उत्तराखंड में रेल कनेक्टिविटी और ‘डिजिटल कुम्भ 2027’ पर जोर

नई दिल्ली/देहरादून: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव से भेंट कर उत्तराखंड में रेल संपर्क को मजबूत बनाने के लिए विभिन्न महत्वपूर्ण परियोजनाओं पर त्वरित कार्यवाही का अनुरोध किया।

मुख्यमंत्री ने केंद्र सरकार और रेल मंत्रालय द्वारा राज्य को मिल रहे सहयोग के लिए आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उत्तराखंड सामरिक, भौगोलिक, धार्मिक, सांस्कृतिक और पर्यटन की दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण राज्य है।

उन्होंने दिल्ली-Meerut आरआरटीएस के सफल संचालन का उल्लेख करते हुए कहा कि इससे यात्रियों को तेज, सुरक्षित और सुविधाजनक यात्रा का लाभ मिल रहा है। मुख्यमंत्री ने हरिद्वार, ऋषिकेश और चारधाम क्षेत्रों में बढ़ते यातायात दबाव को देखते हुए मेरठ से हरिद्वार और ऋषिकेश तक आरआरटीएस विस्तार की आवश्यकता पर बल दिया।

मुख्यमंत्री ने ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल परियोजना की प्रगति पर संतोष जताते हुए इसके प्रथम चरण को वर्ष 2026 तक पूर्ण कर लोकार्पण कराने का अनुरोध किया। इसके साथ ही उन्होंने कुमाऊं क्षेत्र के विकास के लिए टनकपुर-बागेश्वर रेल परियोजना को राष्ट्रीय परियोजना का दर्जा देने और बागेश्वर-कर्णप्रयाग रेल लाइन के लिए फाइनल लोकेशन सर्वे की अनुमति देने की मांग की।

उन्होंने हरिद्वार-देहरादून रेल लाइन के दोहरीकरण, रायवाला बाई-डक ब्रिज के विकास, चारधाम रेल परियोजना के अंतर्गत डोईवाला-उत्तरकाशी एवं कर्णप्रयाग-पीपलकोटी खंडों के सर्वे कार्य को शीघ्र पूरा करने तथा मोहण्ड-देहरादून-सहारनपुर रेल परियोजना को प्राथमिकता देने का भी अनुरोध किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि ये सभी परियोजनाएं राज्य के संतुलित और समग्र विकास के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण हैं।

इसके साथ ही मुख्यमंत्री ने ‘कुम्भ 2027’ की तैयारियों को लेकर भी केंद्रीय मंत्री से चर्चा की। उन्होंने बताया कि इस बार कुम्भ को ‘डिजिटल कुम्भ’ के रूप में विकसित किया जाएगा, जिसमें आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI), इंटरनेट ऑफ थिंग्स (IoT) और अन्य आधुनिक तकनीकों का उपयोग किया जाएगा।

‘डिजिटल कुम्भ’ के माध्यम से श्रद्धालुओं की सुरक्षा, भीड़ प्रबंधन, यातायात नियंत्रण और आपदा प्रबंधन को और अधिक प्रभावी बनाया जाएगा। इस परियोजना के लिए ₹143.96 करोड़ की वित्तीय सहायता हेतु केंद्र सरकार को प्रस्ताव भेजा गया है।

मुख्यमंत्री ने विश्वास व्यक्त किया कि केंद्र सरकार के सहयोग से कुम्भ 2027 का आयोजन आधुनिक तकनीकी सुविधाओं के साथ भव्य और सफल होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *