रुद्रप्रयाग। केदारनाथ वन्य जीव प्रभाग गोपेश्वर के अंतर्गत ऊखीमठ रेंज द्वारा गुप्तकाशी में मानव-वन्यजीव संघर्ष की घटनाओं से प्रभावी ढंग से निपटने के लिए वन कर्मियों का एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया।
प्रशिक्षण कार्यक्रम में उप प्रभागीय वन अधिकारी मोहन सिंह एवं वरिष्ठ पशु चिकित्साधिकारी डॉ. प्रदीप मिश्रा ने अधिकारियों और कर्मचारियों की क्षमता वृद्धि पर जोर देते हुए ट्रैंक्विलाइज़र गन के सुरक्षित एवं प्रभावी उपयोग की विस्तृत जानकारी दी।
इस दौरान वन्यजीवों को सुरक्षित तरीके से काबू (इमॉबिलाइजेशन) करने, रेस्क्यू ऑपरेशन संचालित करने तथा स्वयं की सुरक्षा के उपायों पर विशेष प्रशिक्षण दिया गया। साथ ही दवाओं के सही उपयोग, डोज निर्धारण, कैलकुलेशन और फील्ड में अपनाई जाने वाली आवश्यक सावधानियों की जानकारी भी साझा की गई।
प्रशिक्षण में आपातकालीन परिस्थितियों में रेस्क्यू ऑपरेशन को सफल बनाने के विभिन्न पहलुओं पर विस्तार से चर्चा की गई।
इस अवसर पर वन क्षेत्राधिकारी विमल भट्ट सहित विभाग के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
