चमोली: सीमांत क्षेत्र ज्योतिर्मठ की प्रतिभावान खिलाड़ी अस्मिता शाह ने राष्ट्रीय स्तर पर शानदार प्रदर्शन करते हुए क्षेत्र का नाम रोशन किया है। उन्होंने अखिल भारतीय पावर लिफ्टिंग चैंपियनशिप में पूरे देश में चौथा स्थान प्राप्त किया।
देवेश्वरी शाह की सुपुत्री अस्मिता की इस उपलब्धि से पूरे उत्तराखंड, खासकर जोशीमठ क्षेत्र में खुशी की लहर है। सीमित संसाधनों के बावजूद उन्होंने राष्ट्रीय पटल पर अपनी पहचान बनाकर युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत बनने का काम किया है।
क्षेत्र के लिए गर्व का विषय
अस्मिता की इस सफलता पर स्थानीय जनप्रतिनिधियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और खेल प्रेमियों ने खुशी जाहिर की है। लोगों का कहना है कि यह उपलब्धि न केवल उनके परिवार, बल्कि पूरे क्षेत्र के लिए ऐतिहासिक क्षण है।
स्थानीय निवासी बिक्रम फर्स्वाण ने कहा कि अस्मिता ने अपनी कड़ी मेहनत और दृढ़ संकल्प से यह मुकाम हासिल किया है। उन्होंने विश्वास जताया कि भविष्य में वह अंतरराष्ट्रीय स्तर पर तिरंगा लहराकर प्रदेश का मान और बढ़ाएंगी।
अस्मिता शाह की इस उपलब्धि ने यह साबित कर दिया है कि पहाड़ की प्रतिभाएं किसी भी मंच पर अपनी अलग पहचान बना सकती हैं।
