नई टिहरी: सुरकंडा देवी मंदिर जाने वाले श्रद्धालुओं के लिए महत्वपूर्ण सूचना है। सुरकंडा देवी रोपवे प्रोजेक्ट प्रा.लि. ने कद्दूखाल से मंदिर तक संचालित रोपवे सेवा को अस्थायी रूप से बंद करने का निर्णय लिया है।
कंपनी द्वारा जारी जानकारी के अनुसार, यह सेवा 30 मार्च से 5 अप्रैल तक पूरी तरह बंद रहेगी।
बताया गया है कि यह निर्णय रोपवे के योजनाबद्ध रखरखाव कार्य के तहत लिया गया है। इस दौरान रोपवे की मुख्य ढुलान रस्सी (मेन हाल रोप) को बदला जाएगा, जो सुरक्षा मानकों के अनुरूप अत्यंत आवश्यक प्रक्रिया है। अधिकारियों का कहना है कि यात्रियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए इस प्रकार का रखरखाव समय-समय पर किया जाना जरूरी होता है।
रखरखाव कार्य के दौरान रोपवे का संचालन पूरी तरह बंद रहेगा, जिससे इस अवधि में किसी भी प्रकार की आवाजाही संभव नहीं होगी। ऐसे में मंदिर दर्शन के लिए आने वाले श्रद्धालुओं को वैकल्पिक व्यवस्थाओं का सहारा लेना पड़ेगा।
इस संबंध में कंपनी ने एस.एस. राणा को पत्र भेजकर जानकारी दी है, ताकि समय रहते आम लोगों और पर्यटकों को सूचित किया जा सके। साथ ही जिला प्रशासन और उत्तराखंड पर्यटन विकास परिषद को भी अवगत कराया गया है।
गौरतलब है कि सुरकंडा देवी मंदिर राज्य के प्रमुख धार्मिक स्थलों में से एक है, जहां हर वर्ष बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं। रोपवे सेवा बंद रहने से यात्रियों की आवाजाही प्रभावित हो सकती है।
कंपनी प्रबंधन ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे निर्धारित तिथियों को ध्यान में रखते हुए अपनी यात्रा की योजना बनाएं, ताकि किसी प्रकार की असुविधा से बचा जा सके।
