चमोली। मुख्य विकास अधिकारी डॉ अभिषेक त्रिपाठी की अध्यक्षता में मंगलवार को विकासखंड दशौली के ब्लॉक सभागार में तहसील दिवस का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य आमजन की समस्याओं को सीधे सुनकर उनका त्वरित एवं प्रभावी समाधान सुनिश्चित करना रहा।
तहसील दिवस में क्षेत्र के विभिन्न गांवों से पहुंचे ग्रामीणों ने मोटर मार्ग, पेयजल, विद्युत, स्वास्थ्य, शिक्षा और जंगली जानवरों से फसलों को हो रहे नुकसान सहित कुल 64 शिकायतें दर्ज कराई।
ग्राम सभा मोली के प्रधान भगत सिंह फर्स्वाण ने मोली हडूंग में चिड़ियाघर निर्माण, ब्यारा से तड़ागताल सड़क निर्माण तथा बीएसएनएल नेटवर्क चालू न होने से मनरेगा कार्यों में आ रही दिक्कतों को उठाया। वहीं ग्राम प्रधान (पूर्व) ब्यारा बृज लाल ने ब्रिडकुल द्वारा निजमुला-विरही मोटर मार्ग पर धीमी गति से कार्य, पेंटिंग और नाली निर्माण में लापरवाही की शिकायत दर्ज की।
नगर पंचायत पीपलकोटी की अध्यक्ष आरती नवानी ने टीएचडीसी की कार्यदायी संस्था द्वारा टनलों में भारी विस्फोट, पेयजल, स्वास्थ्य, शिक्षा और अन्य समस्याओं को लेकर शिकायत रखी।
मुख्य विकास अधिकारी ने सभी शिकायतों को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश दिए। कुल 64 शिकायतों में से 25 का मौके पर ही समाधान कर दिया गया, जबकि शेष मामलों के शीघ्र निस्तारण हेतु विभागों को प्राथमिकता के आधार पर कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।
उन्होंने अधिकारियों से कहा कि आमजन को अनावश्यक रूप से कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें, इसके लिए समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित किया जाए। अधिकारियों ने भी ग्रामीणों को उनकी समस्याओं के समाधान का आश्वासन दिया।
