प्रेमनगर के जंगल में मिला महिला का सड़ा-गला शव, शिनाख्त में जुटी पुलिस

देहरादून। राजधानी के प्रेमनगर थाना क्षेत्र में बुधवार को उस समय सनसनी फैल गई, जब बाला सुंदरी मंदिर के पास जंगल में एक अज्ञात महिला का सड़ा-गला शव बरामद हुआ। शव की हालत को देखकर आशंका जताई जा रही है कि महिला की मौत करीब 4 से 5 दिन पहले हुई होगी।

पुलिस के अनुसार बुधवार को सूचना मिली कि मंदिर के पास झाड़ियों में एक शव पड़ा हुआ है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और देखा कि एक महिला का शव अत्यंत खराब अवस्था में पड़ा है। प्रथम दृष्टया शव 4–5 दिन पुराना प्रतीत हो रहा है, जिसके कारण उसमें सड़न शुरू हो चुकी थी।

विवेक सिंह कुटियाल ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और फील्ड यूनिट को मौके पर बुलाया गया। टीम ने घटनास्थल की बारीकी से जांच करते हुए फोटोग्राफी और वीडियोग्राफी की तथा महत्वपूर्ण साक्ष्य एकत्र किए।

वहीं कुंदन राम ने बताया कि मामले की जानकारी तत्काल उच्चाधिकारियों को दी गई, जिसके बाद एफएसएल टीम को भी मौके पर बुलाया गया।

घटना की गंभीरता को देखते हुए परमेंद्र डोभाल भी मौके पर पहुंचे और अधिकारियों से पूरे मामले की जानकारी ली। फिलहाल मृतका की शिनाख्त नहीं हो पाई है। पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगालने के साथ ही हाल ही में दर्ज गुमशुदगी की रिपोर्टों की भी जांच कर रही है।

एसएसपी परमेंद्र डोभाल ने बताया कि महिला की पहचान और मामले के खुलासे के लिए पुलिस की अलग-अलग टीमें गठित की गई हैं। पुलिस का कहना है कि जल्द ही घटना का खुलासा किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *