देहरादून। जिलाधिकारी सविन बंसल की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट स्थित ऋषिपर्णा सभागार में आज जनता दर्शन कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में जनपद के विभिन्न क्षेत्रों से आए फरियादियों ने अपनी समस्याएं जिलाधिकारी के समक्ष रखीं।
जिलाधिकारी ने उपस्थित अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनता दर्शन में आने वाले बुजुर्गों, महिलाओं, जरूरतमंदों और असहाय लोगों की शिकायतों का समयबद्ध और संवेदनशील निस्तारण किया जाए। प्रत्येक प्रकरण की कार्रवाई की जानकारी संबंधित शिकायतकर्ता और जिलाधिकारी कार्यालय दोनों को उपलब्ध कराई जाएगी।
जनता दर्शन में दर्ज कुछ महत्वपूर्ण शिकायतें
-
शिक्षा संबंधी सहायता: बंजारावाला निवासी कल्पना ने बताया कि उनकी पुत्री विदुषी, फाईलफोर्ट पब्लिक स्कूल में कक्षा 6 की छात्रा है, आर्थिक तंगी के कारण फीस जमा नहीं कर पाई। जिलाधिकारी ने मुख्य शिक्षा अधिकारी को छात्रा को परीक्षा में सम्मिलित कराने और जिला कार्यक्रम अधिकारी को प्रोजेक्ट नंदा-सुनंदा योजना के तहत फीस जमा कराने के निर्देश दिए।
-
आर्थिक सहायता: जवाहर कॉलोनी, बल्लूपुर निवासी शमशाद ने वर्ष 2023 में हुई दुर्घटना के कारण आर्थिक सहायता की मांग की। जिलाधिकारी ने समाज कल्याण अधिकारी को वृद्धावस्था पेंशन स्वीकृत करने और प्रभारी अधिकारी शस्त्र को रायफल फंड से आर्थिक मदद देने के निर्देश दिए।

-
भूमि विवाद: तहसील चकराता के ग्राम कांडोई निवासी अनिल कुमार ने पीएमजीएसवाई कालसी द्वारा निर्माणित नाडा मोटर मार्ग से उनकी कृषि भूमि और नहर को हुए नुकसान की शिकायत की। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को 12 मार्च तक समाधान प्रस्तुत करने के लिए निर्देशित किया।
-
स्वास्थ्य एवं दिव्यांग सहायता: खुड़बुड़ा निवासी सरिता गोयल के दिव्यांग पुत्र के उपचार हेतु जिला प्रोबेशन अधिकारी को 4000 रुपये प्रतिमाह सहायता देने और रायफल फंड से आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए।
-
गृहस्थ एवं सुरक्षा समस्याएं: 67 वर्षीय बुजुर्ग ने अपने नशे की लत वाले पुत्र के कारण उत्पन्न समस्याओं का समाधान गुंडा एक्ट के तहत करने का निर्देश प्राप्त किया। धर्मपुर के बुजुर्ग दंपति ने बहू द्वारा प्रताड़ित किए जाने की शिकायत दर्ज करवाई, जिसके लिए तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

-
बिल निस्तारण: राजीव नगर निवासी विधवा अरूणा ने पेयजल का बिल 34395 रुपये न चुका पाने की समस्या बताई। जिलाधिकारी ने जल संस्थान को बिल सटलमेंट और जिला प्रशासन के रायफल फंड से भुगतान करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी सविन बंसल ने कहा कि प्रशासन का उद्देश्य प्रत्येक जरूरतमंद व्यक्ति तक समय पर सहायता पहुंचाना है। जनता दर्शन में प्राप्त सभी शिकायतों का निष्पक्ष, संवेदनशील और समयबद्ध निस्तारण प्राथमिकता के आधार पर किया जाएगा। कार्यक्रम में जनपद के विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
