टिहरी लेक फेस्टिवल 2026: दीया बनीं मिस टिहरी, शशांक थपलियाल ने जीता मिस्टर टिहरी का खिताब

नई टिहरी। टिहरी लेक फेस्टिवल 2026 के अंतर्गत आयोजित मिस्टर और मिस टिहरी प्रतियोगिता के परिणाम रविवार को घोषित कर दिए गए। निर्णायक मंडल ने प्रतिभागियों के शानदार प्रदर्शन के आधार पर विजेताओं का चयन किया।

मिस टिहरी प्रतियोगिता में दीया ने शानदार प्रदर्शन करते हुए पहला स्थान हासिल कर खिताब अपने नाम किया। वहीं मोनिका राणा ने दूसरा स्थान प्राप्त किया, जबकि शिवानी राणा और हिमानी कुकरेती ने संयुक्त रूप से तीसरा स्थान हासिल किया।

मिस्टर टिहरी प्रतियोगिता में शशांक थपलियाल ने बेहतरीन प्रदर्शन के साथ प्रथम स्थान प्राप्त किया। इसके अलावा अरविंद कोहली को दूसरा और प्रियांशु सजवाण को तीसरा स्थान मिला। सभी विजेता प्रतिभागियों को स्नेहिल कुंवर (एसडीएम) ने पुरस्कार राशि के चेक देकर सम्मानित किया।

लेजर शो ने दर्शकों को किया रोमांचित

प्रतियोगिता के बाद आयोजित भव्य लेजर शो ने दर्शकों का मन मोह लिया। इस शो के माध्यम से कोटेश्वर मंदिर की धार्मिक महत्ता और आकर्षण को आकर्षक तरीके से प्रस्तुत किया गया। इसके साथ ही खैंट पर्वत के ट्रैकिंग रूट, पर्यटन स्थल और मंदिर से जुड़ी धार्मिक जानकारी भी दिखाई गई।

कार्यक्रम में धारकोट गांव की राजशाही काल की प्रशासनिक व्यवस्था और मदन नेगी से जुड़े ऐतिहासिक तथ्यों का भी सजीव प्रस्तुतीकरण किया गया, जिसे दर्शकों ने काफी सराहा।

आतिशबाजी और लोक संगीत से सजी शाम

लेजर शो के बाद रंग-बिरंगी आतिशबाजी से आसमान जगमगा उठा, जिससे महोत्सव का माहौल और भी आकर्षक हो गया। कार्यक्रम की सांस्कृतिक संध्या में प्रसिद्ध लोक गायिका श्वेता महारा और उनकी टीम ने अपनी शानदार प्रस्तुतियों से समां बांध दिया।

भारी संख्या में मौजूद दर्शकों ने लोक संगीत और रंगारंग कार्यक्रमों का देर रात तक आनंद लिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *