श्रीनगर |
राष्ट्रीय पुरानी पेंशन बहाली संयुक्त मोर्चा जनपद टिहरी गढ़वाल के बैनर तले मंगलवार को कीर्तिनगर ब्लॉक सभागार में एनपीएस और यूपीएस के विरोध में कर्मचारियों ने जोरदार प्रदर्शन किया। मोर्चा के जिलाध्यक्ष राजीव उनियाल के नेतृत्व में आयोजित इस कार्यक्रम में कर्मचारियों ने सरकार का पुतला दहन कर कड़ा रोष व्यक्त किया और नारेबाजी की।
प्रदर्शनकारियों का आरोप था कि सरकार नई पेंशन नीति जबरन थोपकर कर्मचारियों को परेशान कर रही है। ब्लॉक अध्यक्ष संदीप मैठाणी ने कहा कि एनपीएस/यूपीएस जैसी व्यवस्थाएं कर्मचारियों के भविष्य को असुरक्षित बना रही हैं। उन्होंने पुरानी पेंशन योजना को कर्मचारियों का अधिकार बताते हुए इसे शीघ्र बहाल करने की मांग की।
ब्लॉक मंत्री सुरजीत सिंह ने कहा कि जब तक पुरानी पेंशन बहाल नहीं होती, तब तक कर्मचारियों के लिए होली के रंग भी फीके हैं। संरक्षक सतीश बलूनी ने सभी कर्मचारियों से एकजुट होकर आंदोलन को मजबूत करने का आह्वान किया।
वरिष्ठ उपाध्यक्ष विनोद चौहान और अमित नौडियाल ने कहा कि यह आंदोलन केवल आर्थिक मुद्दा नहीं, बल्कि सम्मानजनक सेवानिवृत्ति और सामाजिक सुरक्षा का प्रश्न है। कर्मचारियों ने एक स्वर में चेतावनी दी कि जब तक सरकार पुरानी पेंशन बहाल नहीं करती, आंदोलन जारी रहेगा।
इस अवसर पर जगमोहन पुंडीर, कमलेश्वर थपलियाल, प्रवीन कुमार, महावीर पालीवाल, पंकज, अनिल भट्ट, दया सागर उनियाल, चंद्रशेखर मेवाड़, राहुल कुमार, दीपक मियां, वीरेंद्र चौहान सहित कई कर्मचारी मौजूद रहे।
