कण्डीसौड़ में यूकेडी का होली मिलन, रंग-गुलाल के बीच दिया एकता का संदेश

नई टिहरी। थौलधार विकासखंड मुख्यालय कण्डीसौड़ में रविवार को उत्तराखंड क्रांति दल (यूकेडी) के नेताओं और कार्यकर्ताओं ने आम जनता के साथ हर्षोल्लास के साथ होली मिलन कार्यक्रम आयोजित किया।

यूकेडी कार्यकर्ताओं ने कण्डीसौड़ बाजार क्षेत्र में पारंपरिक होली गीत गाकर स्थानीय लोगों को पर्व की शुभकामनाएं दीं और उनके साथ रंग-गुलाल खेला। कार्यक्रम की शुरुआत बाजार क्षेत्र से हुई, जो बाद में कण्डीसौड़ मेला ग्राउंड में एक बड़े समारोह के रूप में संपन्न हुआ। यहां उपस्थित लोगों ने आपसी भाईचारे और एकता का संदेश देते हुए उत्साहपूर्वक रंगोत्सव मनाया।

कार्यक्रम में यूकेडी के वरिष्ठ नेता चंदन सिंह राणा ने क्षेत्रवासियों को होली की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि होली का पावन पर्व जीवन में नए उत्साह और ऊर्जा का संचार करता है तथा समाज में प्रेम और सौहार्द को प्रगाढ़ बनाता है। उन्होंने कहा कि इस आयोजन का उद्देश्य समाज के हर वर्ग को एक सूत्र में पिरोकर एकता का संदेश देना है, ताकि लोग आपसी मतभेद भुलाकर मिलकर खुशियां मना सकें।

वरिष्ठ नेता दीपक खण्डूड़ी ने पहाड़ की समृद्ध संस्कृति का उल्लेख करते हुए कहा कि पहाड़ी होली का अपना अनूठा अंदाज होता है। ढोल-दमाऊं और पारंपरिक लोकगीतों के साथ मनाई जाने वाली होली हमारी सांस्कृतिक पहचान है। उन्होंने लोकसंस्कृति को सहेजने और आगे बढ़ाने का आह्वान किया।

इस दौरान उन्होंने राष्ट्रीय राजनीतिक दलों पर टिप्पणी करते हुए कहा कि जहां अन्य दल अपने कार्यालयों तक सीमित रहते हैं, वहीं यूकेडी गांव-गांव जाकर जनता के बीच त्योहारों की खुशियां बांटने का कार्य कर रहा है।

इस अवसर पर यूकेडी ब्लॉक अध्यक्ष गम्भीर सिंह गुसाईं, धनोल्टी विधानसभा प्रभारी बलदेव कुमाई, राकेश चौहान, जोत सिंह भंडारी, नीरज रावत और अर्जुन केमवाल सहित बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *