उत्तराखंड/लोहियाहेड।
गांधी फुटबॉल मैदान, लोहियाहेड में उस समय उत्साह और ऊर्जा का विशेष माहौल देखने को मिला, जब मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने टोयोटा किर्लोस्कर मोटर के सौजन्य से निर्मित अत्याधुनिक ओपन जिम का लोकार्पण किया।
मुख्यमंत्री ने युवाओं से स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का आह्वान करते हुए कहा कि फिट और सक्रिय युवा ही सशक्त उत्तराखंड की नींव हैं। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार खेल और फिटनेस से जुड़ी आधारभूत सुविधाओं के विस्तार के लिए निरंतर कार्य कर रही है, ताकि हर युवा को अपने हुनर को निखारने का अवसर मिले।
खेल प्रतियोगिता का भी हुआ शुभारंभ
ओपन जिम के लोकार्पण के बाद मुख्यमंत्री ने स्वास्तिक नर्सिंग कॉलेज की वार्षिक खेल प्रतियोगिता का फीता काटकर शुभारंभ किया। खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि खेल केवल शारीरिक स्वास्थ्य का माध्यम नहीं, बल्कि अनुशासन, टीम भावना और नेतृत्व क्षमता का पाठ भी सिखाते हैं।

उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में चलाए जा रहे ‘खेलो इंडिया’ और ‘फिट इंडिया’ अभियानों का उल्लेख करते हुए कहा कि आज भारत के खिलाड़ी अंतरराष्ट्रीय मंचों पर देश का परचम लहरा रहे हैं। देवभूमि उत्तराखंड भी अब खेलभूमि के रूप में नई पहचान बना रहा है।
युवाओं के लिए रोजगार और अवसर
मुख्यमंत्री ने बताया कि अब तक 28 हजार युवाओं को सरकारी नौकरियों में नियुक्ति दी जा चुकी है और इस वर्ष 10 हजार नई भर्तियां की जाएंगी। उन्होंने विद्यार्थियों और खिलाड़ियों को लक्ष्य निर्धारित कर अनुशासन के साथ आगे बढ़ने का संदेश दिया।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने स्वयं ओपन जिम में व्यायाम किया और मैदान में क्रिकेट खेलकर खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया। उनकी सहभागिता से कार्यक्रम में उपस्थित युवाओं में खास उत्साह देखने को मिला।

इस अवसर पर जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी, स्वास्तिक नर्सिंग कॉलेज के प्रबंधन, छात्र-छात्राएं एवं बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।
यह आयोजन न केवल फिटनेस और खेल को बढ़ावा देने का संदेश लेकर आया, बल्कि युवाओं में आत्मविश्वास और सकारात्मक ऊर्जा का संचार करने वाला प्रेरक अवसर भी बना।
