श्रीनगर: होली पर्व को देखते हुए खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग ने मिलावटखोरी पर सख्ती शुरू कर दी है। मंगलवार को शहर में विशेष जांच अभियान चलाकर मिठाई की दुकानों, होटलों और मेडिकल स्टोरों का औचक निरीक्षण किया गया।
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण पौड़ी के सिविल जज नाजिश कलीम की देखरेख में खाद्य सुरक्षा एवं औषधि विभाग की संयुक्त टीम ने बाजार क्षेत्र में पहुंचकर मिठाई, खोया, गुजिया, चिप्स, रबड़ी, मावा, नमकीन, कुरकुरा मसाला और मिल्क केक समेत विभिन्न खाद्य पदार्थों के कुल 25 नमूने एकत्र किए। सभी सैंपल प्रयोगशाला परीक्षण के लिए भेज दिए गए हैं।
अधिकारियों के अनुसार निरीक्षण के दौरान एक दर्जन से अधिक प्रतिष्ठानों की जांच की गई। स्वच्छता में कमी पाए जाने पर दो दुकानों को सुधार सूचना नोटिस जारी किया गया। साथ ही औषधि विभाग की टीम ने मेडिकल स्टोरों में दवाइयों की गुणवत्ता और अभिलेखों की भी जांच की।
वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी संदीप मिश्रा ने बताया कि त्योहारों के दौरान मिलावट की शिकायतों को गंभीरता से लिया जा रहा है और आमजन की सेहत से किसी भी प्रकार का खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि त्योहारों के मद्देनजर यह अभियान आगे भी जारी रहेगा, ताकि बाजार में बिकने वाले खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित की जा सके और उपभोक्ताओं को सुरक्षित सामग्री उपलब्ध हो।
