देहरादून। पुष्कर सिंह धामी ने सरकारी कार्यालयों और कार्यस्थलों पर अधिकारी-कर्मचारियों एवं शिक्षकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए मुख्य सचिव को विस्तृत एसओपी (स्टैंडर्ड ऑपरेटिंग प्रोसीजर) तैयार करने के निर्देश दिए हैं।
सोमवार को उत्तराखंड अधिकारी कर्मचारी शिक्षक मोर्चा के पदाधिकारियों ने मुख्यमंत्री आवास में मुख्यमंत्री से भेंट कर 21 फरवरी को प्रारंभिक शिक्षा निदेशालय में हुई घटना सहित हाल के समय में विभिन्न स्थानों पर सरकारी कार्मिकों के साथ हुई घटनाओं का उल्लेख किया और ऐसी घटनाओं पर रोक लगाने की मांग की। मुख्यमंत्री ने प्रतिनिधिमंडल की बातों को गंभीरता से सुनते हुए कहा कि सरकार कार्मिकों के मान-सम्मान और सुरक्षा को लेकर प्रतिबद्ध है।
मुख्य सचिव और डीजीपी को निर्देश
मुख्यमंत्री ने मुख्य सचिव को दूरभाष पर निर्देशित किया कि अधिकारी, कर्मचारियों और शिक्षकों की सुरक्षा के लिए शीघ्र एसओपी तैयार की जाए।
साथ ही उन्होंने उत्तराखंड पुलिस के प्रमुख (डीजीपी) को सरकारी कार्यालयों में पुख्ता सुरक्षा इंतजाम सुनिश्चित करने और इस प्रकार की घटनाओं पर त्वरित कानूनी कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
इसके अतिरिक्त देहरादून के एसएसपी को शिक्षा निदेशालय में हुई घटना में शामिल दोषियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा गया है।
मुख्यमंत्री ने दोहराया कि राज्य सरकार अपने कर्मचारियों की सुरक्षा और गरिमा की रक्षा के लिए आवश्यक सभी कदम उठाएगी।
