पुरोला, उत्तरकाशी। पुरोला विधानसभा के सीमांत क्षेत्र डिंगाड़ी गांव में जिलाधिकारी प्रशांत आर्य ने “जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार” कार्यक्रम के तहत ग्रामीणों से सीधे संवाद किया। गांव के लोग जिलाधिकारी का ढोल-नगाड़ों के साथ उत्साहपूर्ण स्वागत करते दिखे।
जिलाधिकारी प्रशांत आर्य करीब चार किलोमीटर की खड़ी चढ़ाई और पेचीदा रास्तों को पार कर गांव पहुंचे। कार्यक्रम में सभी विभागों के अधिकारी मौजूद रहे, जिससे ग्रामीणों ने सड़क, स्वास्थ्य सेवाएं, पुल निर्माण, डाकघर, मोबाइल नेटवर्क, गेस्ट हाउस और आधार कार्ड जैसी समस्याओं को सीधे अधिकारियों के सामने रखा।
जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि सभी शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र निस्तारण किया जाए और प्रत्येक मामले का फॉलो-अप रिपोर्ट तैयार किया जाए। उन्होंने यह भी कहा कि सीमांत और दुर्गम क्षेत्रों तक योजनाओं और सुविधाओं का वास्तविक लाभ पहुँचाना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
ग्राम प्रधान जसवीर सिंह ने बताया कि गांव में थाती पूजन का नौ दिवसीय धार्मिक कार्यक्रम चल रहा था, इसलिए कुछ ग्रामीण उपस्थित नहीं हो पाए। जिलाधिकारी ने इस स्थिति को समझते हुए कहा कि मार्च में सर-बड़ियार क्षेत्र के लिए पुनः विशेष जनसुनवाई आयोजित की जाएगी, ताकि कोई भी ग्राम पंचायत संवाद से वंचित न रहे।
