नई दिल्ली/Dehradun
गुजरात दौरे से लौटते हुए प्रदेश के कैबिनेट मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने गुरुवार को नई दिल्ली में केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री जेपी नड्डा से शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान दोनों नेताओं के बीच प्रदेश की स्वास्थ्य सेवाओं और आगामी चार धाम यात्रा को लेकर विस्तृत चर्चा हुई।
डॉ. रावत ने केंद्रीय मंत्री को चार धाम यात्रा के दौरान तीर्थयात्रियों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए राज्य सरकार द्वारा की जा रही तैयारियों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि सरकार ने केदारनाथ और बदरीनाथ धाम में आधुनिक चिकित्सा इकाइयां स्थापित कर दी हैं, जिनका शुभारंभ इसी यात्रा सीजन में किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि यात्रा मार्गों पर विशेषज्ञ चिकित्सकों की तैनाती की जाएगी तथा चिकित्सकों का एक विशेष पूल तैयार किया जा रहा है। इसमें राज्य की विभिन्न चिकित्सा इकाइयों, राज्य मेडिकल कॉलेजों और एम्स ऋषिकेश सहित देशभर के प्रमुख चिकित्सा संस्थानों के चिकित्सकों की सेवाएं ली जाएंगी। आपात स्थिति से निपटने के लिए एम्स ऋषिकेश, राजकीय मेडिकल कॉलेज श्रीनगर और देहरादून की सेवाएं भी उपलब्ध रहेंगी।
चार धाम यात्रा के दौरान 108 आपातकालीन सेवा, एडवांस लाइफ सपोर्ट एंबुलेंस तथा कार्डियक एंबुलेंस की त्रिस्तरीय व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी।
मुलाकात के दौरान डॉ. रावत ने राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के तहत राज्य द्वारा भेजी गई पीआईपी में प्रस्तावित नए कार्यक्रमों के संचालन के लिए अतिरिक्त बजट उपलब्ध कराने का अनुरोध भी किया, जिस पर केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री ने सकारात्मक आश्वासन दिया।
इस अवसर पर डॉ. रावत ने केंद्रीय मंत्री को आगामी चार धाम यात्रा में शामिल होने का निमंत्रण भी दिया, जिसे जेपी नड्डा ने सहर्ष स्वीकार कर लिया।
