नई टिहरी: बार काउंसिल ऑफ उत्तराखंड चुनाव के लिए शांतिपूर्ण मतदान संपन्न

नई टिहरी। उत्तराखंड बार काउंसिल के सदस्यों के निर्वाचन के लिए मंगलवार को प्रदेश के अन्य जनपदों की भांति टिहरी जिला न्यायालय परिसर में भी मतदान प्रक्रिया शांतिपूर्ण और गरिमामय ढंग से संपन्न हुई। लोकतंत्र के इस पर्व में अधिवक्ताओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और अपने प्रतिनिधियों को चुनने के लिए उत्साहपूर्वक मतदान किया।

जिला न्यायालय में मतदान सुबह 10 बजे से शुरू होकर शाम 5 बजे तक चला। पूरी चुनाव प्रक्रिया अपर जिला जज नसीम अहमद की देखरेख में पारदर्शी ढंग से संपन्न कराई गई।

181 में से 137 अधिवक्ताओं ने किया मतदान

जिला न्यायालय में पंजीकृत कुल 181 अधिवक्ताओं में से 137 ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। मतदान समाप्ति के बाद समस्त चुनाव सामग्री और मतपत्रों को नियमानुसार सीलबंद कर उच्च न्यायालय नैनीताल भेज दिया गया।

दिनभर कचहरी परिसर में गहमागहमी का माहौल रहा और अधिवक्ता अपने-अपने समर्थित प्रत्याशियों के पक्ष में सक्रिय नजर आए।

23 पदों के लिए 104 प्रत्याशी मैदान में

जिला न्यायालय के वरिष्ठ अधिवक्ता शांति प्रसाद भट्ट ने जानकारी देते हुए बताया कि बार काउंसिल ऑफ उत्तराखंड के कुल 23 सदस्यों का निर्वाचन किया जाना है। इनमें 5 पद महिला सदस्यों और 18 पद पुरुष सदस्यों के लिए निर्धारित हैं।

इन पदों के लिए पूरे प्रदेश से 104 प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं। अब सभी की निगाहें मतगणना पर टिकी हैं, जो आगामी 20 फरवरी से उच्च न्यायालय नैनीताल परिसर में प्रारंभ होगी।

इस अवसर पर बार एसोसिएशन के अध्यक्ष अनिल शर्मा सहित कई वरिष्ठ और कनिष्ठ अधिवक्ता उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *