टिहरी।
सड़क हादसों पर अंकुश लगाने और नई पीढ़ी को यातायात नियमों के प्रति संवेदनशील बनाने के उद्देश्य से कोटी कॉलोनी स्थित सरस्वती विद्या मंदिर में परिवहन विभाग द्वारा सड़क सुरक्षा जागरूकता कार्यशाला आयोजित की गई।
कार्यशाला में छात्रों को हेलमेट और सीट बेल्ट का महत्व, यातायात संकेतों की पहचान, तेज गति से वाहन न चलाने और सुरक्षित पैदल यातायात के तरीकों की जानकारी दी गई। बच्चों के लिए चित्रकला और सामान्य ज्ञान प्रतियोगिताएं भी आयोजित की गईं, जिसमें विद्यार्थियों ने रचनात्मकता और जागरूकता का शानदार प्रदर्शन किया। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्रों को पुरस्कृत भी किया गया।
सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी सतेंद्र राज ने कहा कि सड़क सुरक्षा केवल नियमों का पालन नहीं, बल्कि अपने और परिवार की सुरक्षा का संकल्प है। प्रवर्तन अधिकारी बृजमोहन रावत ने छात्रों को चेताया कि यातायात नियमों की अनदेखी गंभीर दुर्घटनाओं का कारण बन सकती है। रोल-आउट मैनेजर रविंद्र चौहान ने सड़क सुरक्षा में आधुनिक तकनीक की भूमिका पर भी प्रकाश डाला।
कार्यक्रम ने बच्चों में सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता और जिम्मेदार नागरिक बनने की प्रेरणा जगाई।
