चंबा (टिहरी गढ़वाल)।
जनपद के सत्कार होटल में सक्षम (समदृष्टि, क्षमता विकास एवं अनुसंधान मंडल) टिहरी इकाई द्वारा आयोजित कार्यक्रम में जनसेवा और दिव्यांगजनों के सशक्तिकरण का संकल्प दोहराया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ विधायक किशोर उपाध्याय, जिलाधिकारी नितिका खण्डेलवाल और नगर पालिका अध्यक्ष शोभनी धनोला ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया।
मुख्य अतिथि विधायक किशोर उपाध्याय ने कहा, “नर सेवा ही नारायण सेवा है” और सक्षम संगठन के निस्वार्थ प्रयासों की सराहना की। जिलाधिकारी नितिका खण्डेलवाल ने प्रशासन की संवेदनशीलता पर जोर देते हुए घोषणा की कि जिन दिव्यांगजनों के प्रमाण पत्र अभी तक नहीं बने हैं, उनके लिए विशेष शिविर आयोजित किए जाएंगे। उन्होंने सक्षम संगठन से सहयोग का आग्रह किया ताकि योजनाओं का लाभ सभी पात्रों तक पहुंच सके।
संगठन के जिलाध्यक्ष हर्ष मणि बहुगुणा ने दिव्यांगजनों के अधिकारों, समान अवसर और प्रमाण पत्र प्रक्रिया को सरल बनाने के प्रयासों पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि समाज में दिव्यांगजनों के प्रति भेदभाव अस्वीकार्य है और उनका सशक्तिकरण प्राथमिकता होनी चाहिए।
कार्यक्रम में प्रशासनिक अधिकारी, समाजसेवी और स्थानीय नागरिकों ने भाग लिया और कार्यक्रम मानवता और सेवा भाव का प्रेरक उदाहरण साबित हुआ।
